शॉर्ट सर्किट से हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। नगर के रुद्रपुर मार्ग स्थित सुधीर मद्धेशिया के गारमेंट्स की दुकान में बृहस्पतिवार भोर में आग लग गई। इसमें नकदी सहित लाखों रुपये का सामान जल गया। हालांकि आग लगने की वजह लोग शॉर्ट सर्किट होना बता रहे हैं।
रुद्रपुर मार्ग पर सुधीर मद्धेशिया की कपड़े की दुकान है। वह रोज की भांति बुधवार की शाम अपनी दुकान बंद कर घर चले गए। भोर में दुकान के अंदर से धुंआ निकलता देख कुछ लोगों ने शोर मचाया। इसे सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। दुकानदार ने शटर उठाया तो आग विकराल हो गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। दुकान मालिक के अनुसार अगलगी में करीब 10 हजार रुपये नकदी, 30 हजार के फर्नीचर और 20 लाख रुपये तक कपड़ा जल गया। थानाध्यक्ष जयशंकर मिश्र ने बताया कि सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ी गई थी।