आवश्यक व निर्धारित प्रमाणपत्रों की मूल व छायाप्रति ले जाने पर ही दिया जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। प्राथमिक स्तर पर उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा वर्ष 2021 का परीक्षा परिणाम जनपद में उपलब्ध हो गया है। 13 मई से डायट से प्रमाणपत्र का वितरण किया जाएगा।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य अनिल कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि प्राथमिक स्तर पर उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा वर्ष 2021 में देवरिया जनपद के परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देने वाले समस्त उत्तीर्ण व सफल अभ्यर्थियों का प्रमाणपत्र आ गया है। इसका वितरण 13 मई से डायट के काउंटर से से किया जाएगा। इसके लिए संबंधित अभ्यर्थी को दो फोटो, प्रवेश पत्र, जाति प्रमाणपत्र, जिसमें विवाहित महिला अभ्यर्थी के लिए पिता के नाम से जारी प्रमाणपत्र ही मान्य होगा, निवास प्रमाणपत्र, विशेष आरक्षण प्रमाणपत्र की छायाप्रति व मूल प्रति, हाईस्कूल, इंटर, स्नातक एवं प्रशिक्षण के अंक पत्रों की छायाप्रति व मूल प्रति तथा प्रशिक्षण डीएलएड, बीएड अथवा अन्य अर्हता का अंक पत्र व प्रमाणपत्र मूल रूप में बिना लेमिनेशन के साथ लेकर आना होगा।
उन्होंने बताया कि वितरण से संबंधित अन्य जानकारी डायट देवरिया के वेबसाइट डब्लू डब्लू डब्लू डॉट डीआईईटीडीईओआरआईए डॉट पर भी उपलब्ध है।