रामपुर कारखाना। बृहस्पतिवार की सुबह बारिश के साथ आई आंधी से मुंडेरा लाला गांव में बिजली के कई खंभे टूटकर गिर गए। पोल गिरने से कई लोगों के घरों को भी नुकसान पहुंचा। पोल टूटने की वजह से सुबह चार बजे से ही बिजली आपूर्ति बाधित है। मुंडेरा लाला गांव में रवि शर्मा की पानी की टंकी पर रखी चौकी तेज हवा में उड़कर करीब 200 मीटर दूर जा गिरी। वहीं मोहम्मद सिद्दीक अंसारी का टिन शेड उड़ गया। आसमां खातून के दरवाजे पर स्थित जामुन के पेड़ की डाल टूटकर रास्ते पर गिर गई। इसके अलावा कई घरों के सामने लगे पेड़ों की शाखाएं भी टूटकर गिर गईं।