लार रोड। सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल डिवाढार लार रोड में शनिवार को कला एवं विज्ञान का बच्चों ने प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रतिभा देख अभिभावक अभिभूत हो गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गोरखपुर विश्वविद्यालय के पूर्व परीक्षा नियंत्रक कैप्टन डाॅ. ओपी पांडेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर कला एवं विज्ञान प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि ने हाइड्रोलिक, चंद्रयान-3, माइक्रोस्कोप, नेत्रहीन लोगों के लिए चश्मा, घाटी सभ्यता, दिल, दूरदर्शी, इनोवेटरी, रन मेकर, माॅडल सौर ऊर्जा, गेम चेंजर, टाइप्स आफ पाल्यूशन, व्यर्थ जल, उपचार, संयत्र वेस्ट वाटर ट्रीटमेंट प्लांट आदि सैकड़ों कला एवं विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कैप्टन डाॅ. ओपी पांडेय ने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास होना चाहिए। बच्चे जिस क्षेत्र में आगे हों उसी क्षेत्र में जाने देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अवसरों की प्रतीक्षा न करें, उन्हें बनाएं। सपने बड़े देखे, लक्ष्य प्राप्ति के लिए कड़ी मेहनत करें, विनम्र रहें। इस प्रतियोगिता में शामिल बच्चों में से निर्णायक मंडल के घोषित परिणाम में कक्षा-6 यलो हाउस की छात्रा आयुषी, अपराजिता ने हाइड्रोलिक, शगुन तिवारी ने चंद्रयान-3, रेड हाउस में कक्षा-6 की छात्रा कुमारी ऐश्वर्या मिश्रा ने माइक्रोस्कोप, ग्रीन हाउस में प्रतीक जायसवाल ने अंधे के लिए चश्मा, ब्लू हाउस के रमन प्रकाश ने कार्यशील आधारित माॅडल विज्ञान में पहला स्थान पाया।
इस दौरान विद्यालय के निदेशक प्रभात मिश्र, डाॅ. शैलेश मिश्र, प्रधानाचार्य सूरज वीएम, डाॅ. सीमा तिवारी, आद्या पांडेय, आशिफा एहसान, आर्या आदि मौजूद रहे।