फार्म के सातवें कालम में पारंपरिक व्यवसाय भरने के लिए नहीं मिल रहा विकल्प
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिला उद्योग विभाग की ओर से विभिन्न योजनाओं में आवेदन मांगे जा रहे हैं। आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन है। वेबसाइट खुलने के बाद काॅलम भरने के दौरान कई विकल्प काम नहीं कर रहे। जिसके चलते ओडीओपी टूलकिट, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना आदि में आवेदन सबमिट नहीं हो पा रहा है। सर्वर की खराबी के चलते पांच दिन से आवेदक परेशान हैं। इन सभी योजनाओं को मिलाकर दो हजार से अधिक युवा, युवतियों के लिए प्रशिक्षण का लक्ष्य जिले को शासन से आवंटित है। इसके अलावा मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत नए व पुराने उद्यमियों को अनुदान आधारित लोन मुहैया कराया जाना है।
इन सभी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदकों को https://diupmsme.upsdc.gov.in/ पर ऑनलाइन आवेदन करना होता है। लॉगिन बनाने के बाद फार्म भरने के दौरान तकनीकी दिक्कत आ रही है। सातवें कालम में पारंपरिक व्यवसाय की जगह कोई आप्सन नहीं मिल पा रहा है। फार्म अधूरा रहने के चलते आवेदक इसे सबमिट नहीं कर पा रहे हैं। यह समस्या करीब पांच दिन से बरकरार है। आवेदक विभाग पहुंच रहे हैं तो वहां ऑफलाइन आवेदन स्वीकर नहीं किया जा रहा है।
-
बोले आवेदक- ओडीओपी टूलकिट योजना में नहीं हो पा रहा आवेदन
एक जनपद एक उत्पाद टूल किट योजना में कई दिनों से ऑनलाइन आवेदन के लिए प्रयास कर रही हूं। सातवें कालम में पारंपरिक व्यवसाय चयन का ऑप्सन नहीं आ रहा। इसके चलते आवेदन सबमिट नहीं हो पा रहा है। - लवली सिंह, दानोपुर
आवेदन का समय न बीत जाए
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना में टेलरिंग के प्रशिक्षण के लिए कई दिनों से आवेदन का प्रयास कर रही हूं। फार्म सबमिट नहीं हो पा रहा। डर है कि कहीं आवेदन का समय न बीत जाए।
- निधि पांडेय, निकट आईटीआई
-
वर्जन
सर्वर काम नहीं करने की शिकायत कुछ आवेदकों ने की है। सोमवार को इसकी जांच की जाएगी। जो भी खराबी होगी उसे दुरूस्त किया जाएगा। योजनाओं में आवेदन के लिए अभी पर्याप्त समय है। युवा, युवतियां परेशान न हों। - जितेंद्र कुमार गौतम, अपर सांख्यिकीय अधिकारी जिला उद्योग