सलेमपुर के एसडीएम के चेम्बर में उनकी कुर्सी पर बैठा युवक
सलेमपुर। एसडीएम सीमा पांडेय शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस पर फरियादियों की समस्याएं सुन रहीं थीं। इस दौरान उनकी खाली कुर्सी देख एक युवक उनके चेंबर में घुस गया और उनकी कुर्सी पर फोटो खिंचवाने लगा। इसके बाद उसने यह फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस ने एसडीएम के आशुलिपिक की तहरीर पर युवक के विरुद्ध केस दर्ज किया, लेकिन अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। एसडीएम युवक को सख्त सजा दिलाने की बात कह रही हैं। साथ ही उन्होंने युवक के चेंबर में घुसकर फोटो खींचने के मामले में जांच बैठा दी है।
एसडीएम सीमा पांडेय शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील सभागार में बैठी थीं। इसी बीच कोतवाली थाना क्षेत्र के नवलपुर गांव निवासी राजन आया और चेंबर में घुसकर उनकी कुर्सी पर बैठ गया। मेज पर रखी एसडीएम की कलम हाथ में लेकर मोबाइल फोन से तस्वीर भी खिंचावाई। कुछ देर बाद सोशल मीडिया पर वह यह तस्वीर वायरल होने लगी। वायरल तस्वीर को किसी ने एसडीम सीमा पांडेय को भेजा। जब इसके बारे में एसडीएम ने अपने कर्मचारियों से जानकारी ली तो पता चला कि तहसील दिवस पर संपूर्ण समाधान दिवस में बैठने के दौरान चेंबर का दरवाजा बंद था, पर ताला नहीं लगा था। इसी बीच आरोपित युवक ने कुर्सी पर बैठकर तस्वीर ले ली। इसमें साजिश की भी आशंका जताई जा रही है। एसडीएम के निर्देश पर आनन-फानन आशुलिपिक रमेश प्रसाद ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। पुलिस आरोपी युवक को अभी तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है। कोतवाल गोपाल पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
...
कोट
संपूर्ण समाधान दिवस में मैं तहसील सभागार में बैठी थी। मेरे चेंबर का ताला खुला हुआ था, जबकि दरवाजा बंद था। इसके बावजूद आरोपित युवक ने मेरी कुर्सी पर बैठकर तस्वीर खिंचावाई और उसे अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर लगा दिया। इसकी जांच बैठा दी गई है। दोषी पाए जाने वाले लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। आशुलिपिक के तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ है। दोषी युवक पर कार्रवाई की जाएगी।
- सीमा पांडेय, एसडीएम सलेमपुर
.........
एक थानेदार का करीबी है आरोपी
सलेमपुर। एसडीएम के चेंबर में घुसकर उनकी कुर्सी पर बैठकर सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने वाला आरोपित युवक एक थानेदार का करीबी है। आरोपित युवक अपने स्कॉर्पियो में बैठा कर थानेदार को हमेशा टूर पर घुमता रहता है। स्थानीय लोगों में चर्चा है कि पुलिस का करीबी होने के चलते अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।