- निर्धारित की गई पिछली तिथि पर नहीं हट सका अतिक्रमण
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। नगर पंचायत क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से तहसील गांधी चौक होते हुए कोतवाली के आगे तक की सड़क की दोनों पटरियों पर अतिक्रमण है। इसको लेकर एसडीएम दिशा श्रीवास्तव ने शनिवार को दूसरी बार नगर पंचायत को नोटिस जारी कर कहा कि नगर पंचायत सलेमपुर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से गांधी चौक एवं कोतवाली तक सड़क की दोनों पटरी पर ठेले आदि लगाकर अतिक्रमण किया गया है। इससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके साथ ही आम राहगीरों का सुचारु रूप से आवागमन नहीं हो पा रहा है। ऐसी स्थिति में अतिक्रमण हटाने के लिए 20 अगस्त समय दो बजे का समय नियत किया जाता है।
नगर पंचायत अपने सफाई कर्मियों एवं अन्य कर्मचारियों के साथ मौके पर उपस्थित रहकर अवैध अतिक्रमण हटाना सुनिश्चित करे। एसडीएम के आदेश को गंभीरता से लेते हुए नगर पंचायत ने लाउडस्पीकर से अतिक्रमण हटाने की बात कही है। ऐसा नहीं करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए 20 अगस्त को नगर पंचायत अतिक्रमण हटाएगी। ईओ हिमांशु प्रताप सिंह ने कहा कि उपजिलाधिकारी के निर्देश पर लाउडस्पीकर लगाकर अतिक्रमणकारियों से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया जा रहा है। शनिवार को बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाया जाएगा।