संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज में चल रहे स्काउट प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन स्काउ गाइड को प्रशिक्षकों ने टेंट निर्माण, बिना बर्तन के भोजन बनाना आदि सिखाया। अतिथियों ने इनके निर्माण कार्य का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया।
स्कूल परिसर में शनिवार की दोपहर आयोजित समापन समारोह के मुख्य अतिथि सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद सरोज ने विद्यार्थियों की ओर से बनाए गए निर्माण कार्य को देखा और बेहतर करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि शिविर में सीखी बातों को प्रशिक्षणार्थी अपने जीवन में उतारें। वह आपको समाज व देश के लिए बेहतर नागरिक बनने में मदद करेगी।
इसके पूर्व प्रधानाचार्य गोपाल दत्त शुक्ल ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। शिविर के प्रशिक्षक बृजेश कुमार सोनकर, राहुल मद्धेशिया, स्काउट प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह, शैलेंद्र कुमार सैनी, सुधीर कुमार मौर्य ने भी प्रशिक्षणार्थियों के धैर्य की सराहना की। इस दौरान उमेश यादव, रामप्रताप यादव, राजेश यादव, गोपाल जायसवाल, संजय तिवारी, सिद्धेश्वर पाठक, राहुल तिवारी, अविनाश शर्मा आदि उपस्थित रहे।