फोटो समाचार......
सलेमपुर-भागलपुर मुख्य मार्ग पर धनगड़ा के पास हुई घटना
बेसिक शिक्षा विभाग की मानें तो निजी विद्यालय को नहीं दी गई मान्यता
बीएसए ने जांच कराने की कही बात
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया/चनुकी। सलेमपुर-भागलपुर मार्ग पर धनगड़ा चौराहा स्थित शृंगारी पब्लिक स्कूल का वाहन बच्चों को ले जाते समय लार थाना क्षेत्र के बरडीहा गांव के पास गेहूं के खेत में पलट गया। संयोग ठीक था कि टेंपो धीरे पलटा, नहीं तो एक बड़ी घटना घटित हो जाती। टेंपो में मौजूद बच्चे बाल-बाल बच गए। टेंपो पलटते देखकर मौके पर पहुंचे लोगों ने बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद टेंपो को गेहूं के खेत से सड़क पर लाए। इसके बाद दूसरे वाहन की व्यवस्था कर बच्चों को स्कूल भेजवाया।
धनगड़ा चौराहे पर शृंगारी पब्लिक स्कूल संचालित होता है। मंगलवार की सुबह टेंपो बच्चों को लेने बरडीहा गांव गया था। टेंपो का चालक लगभग 10 बच्चों को बैठा कर स्कूल ले जा रहा था। वह टेंपो लेकर अभी गांव के बाहर पहुंचा ही था कि अचानक रोड के किनारे गेहूं के खेत में पलट गया। इस घटना में किसी बच्चे के हताहत होने की सूचना नहीं है। बीएसए शालिनी श्रीवास्तव ने बताया कि स्कूल मान्यता प्राप्त नहीं है। जहां तक वाहन की बात है तो एआरटीओ कार्यालय समय-समय पर वाहनों की फिटनेस कराता है। बीएसए ने इस मामले की जांच कराने की बात कही है।