बरहज थाना घाट पर खतरे के निशान से एक मीटर नौ सेमी ऊपर बह रही नदी संवाद
बरहज। सरयू के करवट लेने से नदी के जलस्तर में बढोतरी हुई है। इससे राप्ती भी उफान पर है। पिछले 24 घंटे में नदी थाना घाट पर बने मीटर गेज पर लाल निशान से एक मीटर नौ सेमी ऊपर बह रही है। राप्ती कपरवार के बिनोवापुरी गांव के निकट रुद्रपुर मार्ग, जबकि सरयू परसियां-विशुनपुर देवार के करीब दस मोहल्लों तक बाढ़ का पानी पहुंच गया है।
पिछले करीब एक सप्ताह से नदी में दोबारा उफान आ गया है। पिछले दिनों जलस्तर में कमी आने पर नदी 67.15 मीटर तक पहुंच गई थी, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली थी, लेकिन नदी ने दोबारा बढ़त बनाना शुरु कर दिया, जो खतरे के निशान 66.50 से एक मीटर नौ सेमी ऊपर 67.59 मीटर पर बह रही है। जलस्तर में हुई वृद्धि से नदी का पानी नौकाटोला, कटइलवा, मठियां, बेलडॉड़ गांव तक पहुंच गया है। भदिला प्रथम गांव चारों ओर से पानी से घिरा हुआ है। जबकि परसियां देवार के नकिहवां, भरटोला, बिचला टोला, चौधरी टोला, बरमहवां और विशुनपुर देवार के स्कूलहिया, कत्लहिया, चौहान बस्ती, लोहार टोला, बांके टोला, जरलहवा आदि टोलों तक पानी पहुंच गया है। नदी पीडब्लूडी के बांध पर भी दबाव बना रही है। सहायक अभियंता अशोक द्विवेदी ने बताया कि जलस्तर में बढ़त दर्ज की गई थी। शाम पांच बजे से नरमी देखने को मिली है। दो सेमी की कमी आई है।