एसबीआई का सर्वर फेल, उपभोक्ता परेशान
बरहज (देवरिया)। एसबीआई की शाखा पर सर्वर फेल होने के कारण रकम की लेनदेन को लेकर उपभोक्ताओं की लंबी भीड़ लगी रही। शुक्रवार को एक घंटे तक ही सर्वर काम किया। इसके बाद फेल होने से लेनदेन संभव नहीं हो सका। लवरछी निवासी और सेवानिवृत्त शिक्षक सुखदेव यादव पेंशन निकालने, नौकाटोला के मनबोध घर खर्च के लिए, खुदियां मिश्र के अखिलेश्वर मकान कार्य और रीता देवी दवा के लिए पैसा निकालने आई थीं। सभी का कहना है कि महामारी में घरों से निकलना खतरे से कम नहीं है। लेकिन तकनीकी खराबी के कारण सर्वर फेल हो गया है। जिससे सुबह से लेन-देन प्रभावित है। लोगों का यह भी कहना है कि घंटों इंतजार के बाद भी सर्वर सही नहीं हुआ था। इस संबंध में शाखा प्रबंधक राहुल कुमार ने बताया कि सर्वर फेल हो गया था जिसका नोटिस चस्पा करा दिया गया है।