दो महीने बाद खतरे के निशान से नीचे आया सरयू का जलस्तर
भागलपुर। भागलपुर के तुर्तीपार में सरयू का जलस्तर दो महीने बाद खतरे के निशान से नीचे आ गया है। शनिवार दोपहर 2 बजे तुर्तीपार रेगुलेटर पर नदी का जलस्तर 64.05 मीटर दर्ज किया गया। यह खतरे के निशान से 15 सेमी नीचे है। जलस्तर कम होने से नदी के तटवर्ती गांव के लोगों को राहत मिली है। वहीं बाढ़ और बरसात के पानी से बर्बाद फसल का लोगों ने मुआवजे की मांग की है। किसान हरेराम सिंह, रणविजय सिंह, नाथू यादव, हरिशंकर सिंह, चंद्रशेखर प्रसाद, राकेश सिंह, अशोक सिंह, रोशन यादव, विंध्याचल यादव, अनिल सिंह, शत्रुघ्न सिंह, जितेंद्र सिंह आदि भागलपुर क्षेत्र के किसानों ने बर्बाद फसल का शासन और प्रशासन से सर्वे कराकर मुआवजे की मांग की है। इस बारे में बरहज के नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कर्मचारियों को लगाया गया है। शासन के निर्देश के अनुसार किसानों की बर्बाद फसल का मुआवजा दिलाया जाएगा।