- 18 से राजकीय आईटीआई परिसर में होगी शुरुआत, विभिन्न ब्लॉकों में भी होंगे आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिले में सांसद खेल स्पर्धा की शुरुआत 18 मार्च से होगी। यह लोकसभा क्षेत्र देवरिया के आठ विकास खंडों में आयोजित होगी। आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। विकास भवन में सीडीओ की अध्यक्षता में इसकी तैयारियों पर चर्चा की गई।
सांसद प्रतिनिधि रविंद्र प्रताप मल्ल ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को तलाशने एवं उन्हें निखारने के लिए यह खेल स्पर्धा आयोजित की जा रही है। यह खेलो इंडिया फिट इंडिया से प्रेरित है। इसका एकमात्र उद्देश्य स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को ढूंढने, उनकी प्रतिभा निखारने के लिए है। जिससे उन्हें क्षेत्र, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का मौका मिल सके। सांसद के मीडिया प्रभारी सत्येन्द्र मणि त्रिपाठी ने बताया कि सांसद खेल स्पर्धा आठ विकास खंडों में होगा। शुभारंभ 18 मार्च को देवरिया सदर में आईटीआई ग्राउंड में और भटनी में रेलवे ग्राउंड में, 20 मार्च को बैतालपुर के शुगर मिल ग्राउंड में एवं गौरी बाजार में चंद्रशेखर इंटर कॉलेज में, 21 मार्च को महाराणा प्रताप इंटर काॅलेज पथरदेवा में एवं तरकुलवा में बसंतपुर धूसी में, 22 मार्च को रामपुर कारखाना में अशोक इंटर कॉलेज डुमरी एवं देसही देवरिया में ब्रह्मदेव इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित होगा। इसमें एथलेटिक्स में महिला और पुरुष वर्ग में 100, 200, 400, और 800 मीटर, वालीबॉल ओपन पुरुष वर्ग, कबड्डी पुरुष और महिला दोनों और कुश्ती महिला-पुरुष दोनों वर्ग में खेल होंगे। इस मौके पर सीडीओ ने रविंद्र कुमार ने ब्लॉक के अधिकारियों को इस आयोजन को सफल बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि स्पर्धा को सफल बनाने के लिए क्रीड़ाधिकारी, डीआईओएस, बीएसए, जिला युवा कल्याण अधिकारी, बीडीओ, नेहरू युवा केंद्र अधिकारी एवं स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता सहयोग करेंगे। इसमें भाग लेने के लिए पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण आवेदन सभी ब्लॉकों के युवा कल्याण अधिकारी एवं स्पोर्ट्स स्टेडियम में उपलब्ध रहेगा। इस दौरान बीएसए हरिश्चंद्र नाथ, क्रीड़ाधिकारी राज नारायण प्रसाद, नेहरू युवा केंद्र के जिला संयोजक विकास तिवारी, राधेश्याम शुक्ल, अमित सिंह और गिरीश सिंह आदि उपस्थित थे।