देवरिया क्लब में सफाई कर्मचारियोंको प्रमाण पत्र देतीे डीएम और नगर पालिका अध्यक्ष। स्रोत- सूचना
- फोटो : chineni news
देवरिया। नगर पालिका परिषद की ओर से स्वच्छता के प्रति समर्पित सफाई कर्मियों को सम्मानित करने के लिए शुक्रवार को देवरिया क्लब में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल और नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष अलका सिंह ने करीब 400 सफाई कर्मियों को प्रशस्तिपत्र और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि सफाई कर्मी हमारे शहर की रीढ़ हैं, जो रोजाना सुबह से ही नगर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह ने कहा कि सफाई मित्रों की मेहनत और समर्पण से ही देवरिया स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। अधिशासी अधिकारी संजय तिवारी ने बताया कि सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक उपकरणों और संसाधनों की व्यवस्था की जा रही है, जिससे सफाई कर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिल सके। कार्यक्रम में सभासदगण, सफाई निरीक्षक राज प्रताप सिंह, वरिष्ठ सफाई लिपिक काशीनाथ पांडेय, मनीष श्रीवास्तव, राजन सिंह मौजूद रहे। संवाद