तरकुलवा थाना क्षेत्र में हुई दुर्घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। बालू लादकर जा रहे ट्रैक्टर-ट्राॅली ने सामने से आ रहे साइकिल सवार वृद्ध को रौंद दिया। जिससे साइकिल सवार वृद्ध की ट्रैक्टर के पहिए से कुचलकर मौत हो गई। उधर, चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। घटना से गुस्साए सैकड़ों की संख्या में लोगों ने ट्रैक्टर-ट्राॅली को रोककर प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।
तरकुलवा थाना क्षेत्र के ग्राम बंजरिया के पोखरभिंडा टोला निवासी जैनुद्दीन उर्फ भूकु (74) रविवार को साइकिल से किसी कार्य के लिए बाबूपट्टी गांव में गए थे। शाम 3:30 बजे के करीब वहां से घर लौटते समय थाना क्षेत्र के बंजरिया-बाबूपट्टी मार्ग पर बंजरिया बाजार में मछली मार्केट के पास तक पहुंचे थे कि सामने से आ रहे बालू लदे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दिया। टक्कर लगते ही वे उछलकर जमीन पर गिर गए और ट्रैक्टर का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने ट्रैक्टर-ट्राॅली को रोककर घटना स्थल पर ही सड़क पर प्रदर्शन किया। लोग ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी और मृतक को मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे थे। किसी ने घटना की सूचना तरकुलवा पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी दिलीप सिंह ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।