डीएम को आपबीती सुनाकर फफक पड़ी बुजुर्ग तीजा देवी
संपूर्ण समाधान दिवस पर रुद्रपुर में डीएम अखंड प्रताप सिंह ने सुनी फरियाद
35 शिकायतों ने एक भी शिकायत का नहीं हुआ निस्तारण
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस पर शनिवार को डीएम अंखड प्रताप सिंह के सामने फरियाद लेकर आई एक 70 साल की बुजुर्ग महिला फफक कर रोनी लगी। पैर से विकलां महिला की बेटी-दामाद ने जायदाद हड़पकर घर से निकाल दिया है। उसकी बेबसी देखकर डीएम भी भावुक हो गए। उन्होंने सीओ को बुजुर्ग महिला का भरण-पोषण नहीं करने पर बेटी-दामाद के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
फतेहपुर गांव की रहने वाली तीजा देवी को कोई लड़का नहीं है। उनकी एक मात्र संतान बेटी ललिता की शादी रुद्रपुर थाने के अहलादपुर मरकड़ी गांव में हुई है। उसके बुढ़ापे के सहारा बेटी और दामाद ही थे। उसके पास चार बीघा जोत की जमीन थी। बेटी ललिता और दामाद रामसुभग ने बड़ी चालाकी से पूरी जमीन का अपने नाम से बैनामा करा लिया। मुफ्त में जमीन लिखवाने के बाद तीजा देवी को घर से निकाल दिया।
बुजुर्ग महिला के साथ धोखाधड़ी करने पर गांव वाले उसकी बेटी को कोस रहे हैं। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेकर सीओ अंशुमान श्रीवास्तव को आरोपी बेटी दामाद के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई का निर्देश दिए हैं।
समाधान दिवस पर अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष बृज बिहारी पांडेय के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने डीएम से तहसील में स्थायी तहसीलदार की नियुक्ति करने की मांग की। लंगड़ा बाजार की रहने वाली रंजनी देवी ने पति की मृत्यु के बाद परिवार रजिस्टर में उनके बच्चों और उनका नाम नहीं दर्ज करने की ग्राम विकास अधिकारी की शिकायत की। इस अवसर पर आई कुल 35 शिकायतों में एक भी का मौके पर निस्तारण नहीं हो पाया।
शिकायतों में सबसे अधिक राजस्व विभाग के नौ, पुलिस का आठ, विकास विभाग के छह, समाज कल्याण विभाग का एक और अन्य विभागों से जुड़े 11 मामले रहे।
इस अवसर पर एसडीएम रत्नेश तिवारी, सीओ अंशुमान श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार अनिल तिवारी व शिवेंद्र कौंडिल्य, ईओ रितेश गौरव, कोतवाल रतन कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।
राजस्वकर्मी कूटरचित तरीके से सरकारी जमीन का करना चाहते हैं पट्टा
फोटो समाचार-03डीईओ 131, 132, 133
संपूर्ण समाधान दिवस में छाए रहे राजस्व के मामले
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। तहसील परिसर में माह के पहले शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। नगर पंचायत भलुअनी के राजेंद्र नगर वार्ड नंबर 11 की सदस्य प्रेमशीला ने शिकायती पत्र दिया है। उनका कहना था कि साहब! कुछ राजस्वकर्मियों ने सांठगांठ कर कूटरचित तरीके से सरकारी जमीन को कृषि पट्टा के लिए कुछ लोगों के नाम का प्रस्ताव भेजा है। इसकी जांच कराई जाए। दिवस में पूरे दिन राजस्व और विकास के मामले छाए रहे।
सुबह 10 बजे संपूर्ण समाधान दिवस की कार्रवाई शुरू की गई। किन्हीं कारणों से उच्चाधिकारियों के न आने पर एसडीएम न्यायिक अंगद यादव ने फरियाद सुनीं। दिवस में जयनगर गौरा की रामरती देवी वृद्धापेंशन न मिलने, लवरछी के बांके यादव स्थगन आदेश के बाद भी प्रतिपक्ष द्वारा अवैध कब्जा करने, परसियां चंदौर के रामप्रताप ने राजस्वकर्मियों को मिलाकर प्रतिपक्ष द्वारा गलत कराने, मदनपुर के हिसामुद्दीन घर के छत के ऊपर से होकर प्रवाहित हो रहे 33 हजार के विद्युत तार को हटवाने, बरडीहा के दिव्यांग हमीद पारिवारिक विवाद मामले की गुहार लगाई गई।
राजस्व के आठ, पुलिस तीन, विकास पांच, खाद्य एवं रसद दो, समाज एक, अन्य दो सहित 21 मामले आए। इसमें मौके पर राजस्व के चार मामलों का निस्तारण कर दिया गया। अधिकारियों ने संबंधितों से शेष मामलों को समय के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर तहसीलदार अरुण कुमार, नायब तहसीलदार रमेश गुप्त, रवींद्र मौर्य, एसडीओ रोहित पांडेय, मनोज गुप्त, ओंकार दूबे, जेई अखिलेश कुमार, रामप्रताप, अमरेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।
काली समूह की महिलाओं ने की शिकायत
संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को बरहज क्षेत्र के बढ़या हरदो गांव के काली समूह की महिलाओं ने अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया। सभी ने अपने दायित्वों का निर्वहन कैसे करें, इसके बारे में पूछा। समूह की महिलाओं ने न्याय नहीं मिलने पर 17 फरवरी को धरना देने की चेतावनी दी।
काली समूह की महिलाएं दोपहर करीब डेढ़ बजे लामबंद होकर तहसील पहुंचीं और अधिकारियों से मिलीं। समूह की महिलाओं ने बताया कि गांव में गर्भवती महिलाओं और बच्चों को पौष्टिक आहार वितरण के लिए जिम्मेदारी गई है। इसके लिए उन्हें ब्लॉक पर भी बुलाया गया था, लेकिन पुष्टाहार मुहैया नहीं कराया जा रहा है।
35 शिकायतों में तीन का निस्तारण
फोटो समाचार.....
सलेमपुर। तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में 35 शिकायतें दर्ज की गईं। इसमें राजस्व विभाग के तीन मामलों का निस्तारण मौके पर कर दिया गया। एसडीएम श्याम मणि त्रिपाठी एवं सीओ दीपक शुक्ला की देखरेख में समाधान दिवस पर क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए लोगों ने अपनी समस्या रखी। इसमें सबसे अधिक राजस्व विभाग के 17‚ पुलिस के 6‚ विकास के 4‚ पूर्ति के 3‚ नगर पंचायत के 2 मामले आए।
एसडीएम ने राजस्व कर्मचारियों को भूमि विवाद के मामले पुलिस टीम गठित कर मौके पर पहुंच दोनों पक्षों की उपस्थिति में कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान तहसीलदार अलका सिंह‚ नायब तहसीलदार डॉ.भागीरथी सिंह‚ गोपालजी‚ ईओ हिमांशु प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे। वहीं, टेंपो चालकों ने नगर पंचायत की ओर से टैक्सी स्टैंड की वसूली किए जाने के विरोध में एसडीएम व सीओ को ज्ञापन सौंपा। कहा कि नियम विरुद्ध वसूली कराई जा रही है।
एसडीएम ने ईओ से वसूली से संबंधित आदेश व नियमावली एक सप्ताह के अंदर उपलब्ध कराने के साथ ही एक सप्ताह के लिए टैक्सी स्टैंड की वसूली रोकने के निर्देश दिए। इसके बाद ईओ ने वसूली पर रोक लगा दी। कहा कि नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में सर्वसम्मति से आय बढाने के लिए टैक्सी स्टैंड की वसूली का प्रस्ताव पास किया गया है। उसी आधार पर वसूली शुरू की गई है। उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद वसूली की जाएगी।
संपूर्ण समाधान दिवस में आए 33 मामले, निस्तारण दो का निस्तारण
भाटपाररानी। तहसील सभागार में शनिवार को उप जिलाधिकारी हरिशंकर लाल की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें 33 शिकायतें आईं, जिसमें राजस्व के दो मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अन्य शिकायती पत्रों में सर्वाधिक राजस्व विभाग के 16, पुलिस के 09, विकास के तीन, स्वास्थ्य विभाग के एक तथा अन्य चार मामले शामिल रहे। इस दौरान तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा, नायब तहसीलदार हिमांशु आदि मौजूद रहे।