कस्तूरबा के किचन से लिए गए नमूने
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों की भोजन सामग्री स्टोर का निरीक्षण
एनसीसी कैडेट्स को खाद्य संरक्षा के पहलुओं से कराया अवगत
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जनपद के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों के किचन एवं भोजन सामग्री के स्टोर का मंगलवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने निरीक्षण किया। साथ ही पांच नमूने एकत्रित किए। वहीं, रतसिया कोठी में एनसीसी कैडेट्स के प्रशिक्षण शिविर में खाद्य सुरक्षा को लेकर जागरूक किया गया।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर सभी तहसील क्षेत्रों में स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों के किचन व भोजन सामग्री का खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने निरीक्षण किया। मुख्य सुरक्षा अधिकारी शिवेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में टीम सदर तहसील क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, रामपुर कारखाना पहुंची, जहां पकी अरहर दाल का नमूना खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने लिया।
रुद्रपुर तहसील के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में भी पकी दाल का नमूना एकत्र किया गया। यहां टीम ने छात्राओं को जागरूक किया। वहीं, भाटपाररानी तहसील क्षेत्र के फुलवरिया स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय से पके चावल और दाल का नमूना लिया गया। साथ ही छात्राओं को खाद्य सुरक्षा से संबंधित टिप्स दिए गए। इसी प्रकार कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, बरहज में पकी सब्जी का नमूना लिया गया।
वहीं, भाटपाररानी के रतसिया कोठी स्थित राजकीय बुद्धा महाविद्यालय में एनसीसी कैडेट्स के प्रशिक्षण शिविर में खाद्य जागरुकता गोष्ठी का आयोजन किया। कर्नल संदीप सिंह की उपस्थिति में पांच सौ कैडेट्स को खाद्य संरक्षा के पहलुओं से अवगत कराया गया। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप कुमार श्रीवास्तव, अजीत कुमार त्रिपाठी, रंजन कुमार श्रीवास्तव, सुभेष कुमार शामिल रहे।
टीम ने लड्डू का लिया नमूना, पांच किग्रा दूषित लड्डू कराया नष्ट
देवरिया। शहर के बस स्टैंड के समीप पीडब्ल्यूडी ऑफिस के सामने स्थित एक मिठाई की दुकान से टीम ने मंगलवार को लड्डू का नमूना लिया तथा करीब पांच किलोग्राम दूषित बूंदी के लड्डू को नष्ट कराया। सहायक आयुक्त खाद्य रमेश चंद्र पांडेय को बस स्टैंड के समीप स्थित राजीव कुमार मद्धेशिया की मिठाई की दुकान गणेश मिष्ठान भंडार की शिकायत मिली। इसके बाद सहायक आयुक्त खाद्य के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप कुमार श्रीवास्तव दुकान पर पहुंचे। उन्होंने शिकायतकर्ता की उपस्थिति में जांच के लिए बूंदी के लड्डू का नमूना लिया। साथ ही वहां मौजूद दूषित करीब पांच किलोग्राम बूंदी के लड्डू को नष्ट कराया।