देवरिया। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की देखरेख में चल रहे देवरिया क्रिकेट लीग में बुधवार को स्टेडियम इलेवन और सहोदरा देवी एकेडमी सलेमपुर रेड के बीच लीग मैच खेला गया। इसमें सहोदरा देवी क्रिकेट एकेडमी सलेमपुर रेड ने 110 रन से जीत हासिल कर दो अंकों की बढ़त हासिल किया। बीआरडी बीडी पीजी कॉलेज बरहज ग्राउंड पर देवरिया क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित वार्षिक लीग में सहोदरा देवी एकेडमी सलेमपुर रेड के कप्तान के टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। निर्धारित 35 ओवर के मैच में सलेमपुर रेड 26.3 ओवर में 184 रनों पर ऑल आउट हो गई, जिसमें प्रिंस ने 91, अभय दीक्षित ने 26, प्रतीक यादव ने 22 तथा सुरजीत ने 18 रन का योगदान दिया। विपक्षी टीम से गेंदबाजी करते हुए उत्कर्ष मणि एवं आबिद ने तीन-तीन, आयुष्मान त्रिपाठी ने दो तथा संजीव यादव एवं शनिवेश कुमार ने एक-एक विकेट प्राप्त किया। जवाब में उतरी स्टेडियम इलेवन की पूरी टीम 13वें ओवर में मात्र 74 रन पर सिमट गई। इसमें अभिनव कुमार ने सर्वाधिक 27 तथा शनिवेश कुमार ने 12 रन बनाए। अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सका। सलेमपुर रेड की तरफ से गेंदबाजी करते हुए सुरजीत ने चार, रौनक सिंह एवं प्रिंस ने दो- दो तथा अंकुर ने एक विकेट प्राप्त किया। मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले सलेमपुर रेड के प्रिंस को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार डीसीए पैनल के अंपायर पंकज जयसवाल ने प्रदान किया। खेल के दौरान देवरिया क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष/प्रभारी सचिव नागेंद्र त्रिपाठी, वरिष्ठ संयुक्त सचिव कलाम खान, क्रिकेट कोच शैलेंद्र प्रताप सिंह, तारकेश्वर साहनी, रजत मद्धेशिया सहित अन्य सीनियर खिलाड़ियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।