- सीडीओ ने की राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन व निराश्रित महिला पेंशन योजना के प्रगति की समीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिले में वृद्धावस्था पेंशन के करीब 900 आवेदन पांच खंड विकास अधिकारियों ने अपने पोर्टल लंबित रखा है। जांच कर अग्रसारित करने हीलाहवाली बरत रहे हैं। मंगलवार को गूगल मीट के माध्यम से राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन व निराश्रित महिला पेंशन योजना की समीक्षा के दौरान यह बात सामने आई। जिसपर सीडीओ रवींद्र कुमार ने नाराजगी जताते हुए संबंधित ब्लाक के बीडीओ का वेतन बाधित कर दिया।
बैतालपुर में 73, गौरीबाजार 341, रूद्रपुर 248, लार 117 व देसही देवरिया में 95 आवेदन पत्र लंबित पाए गए। सीडीओ ने आवेदन पत्रों को तीन दिवस में जांचोपरांत निस्तारण करने के निर्देश दिए। वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत विकास खंड बैतालपुर, रुद्रपुर, गौरीबाजार, बनकटा व सलेमपुर में भौतिक सत्यापन की सबसे कम प्रगति सामने आई। निराश्रित महिला पेंशन व विधवा पेंशन योजना में विकास खंड तरकुलवा में नौ तथा गौरीबाजार व लार में आठ आवेदन पत्र खंड विकास अधिकारी के पोर्टल पर लंबित पाया गया। जिन्हें दो दिन के अंदर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।