व्यवसायी की बाइक की डिक्की से 4.50 लाख रुपये उड़ाए
रकम निकालते उचक्के की हरकत सीसीटीवी फुटेज में कैद, जांच में जुटी पुलिस
लार। नगर के गांधी मार्केट के समीप रविवार को व्यवसायी की खड़ी बाइक की डिक्की से एक उचक्के ने उसमें रखे चार लाख पचास हजार रुपये उड़ा दिए। मौके पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी फुटेज निकाल कर घटना की जांच में जुट गई है। सरेराह हुई घटना से बाजार में हड़कंप मच गया।
बरहज थाना क्षेत्र के पैना निवासी अजय पांडेय बरहज बाजार की एक एजेंसी पर रहकर काम करते हैं। रोज की तरह वह दोपहर बाद व्यवसायियों से बकाये रकम की वसूली कर डिक्की में रखकर लार पहुंचे। यहां गांधी मार्केट के पास एक दुकान के सामने बाइक खड़ी कर यहां के व्यावसायियों से बकाया रुपये वसूली करने लगे। कुछ देर बाद रुपये रखने के लिए डिक्की खोला तो देखा कि साढ़े चार लाख रुपये गायब हैं। यह देख वह अवाक रह गए। घटना की जानकारी पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज निकालकर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। एसओ नवीन चौधरी ने बताया कि घटना संज्ञान में है। सीसीटीवी फुटेज निकाल उचक्के की तलाश की जा रही है।