बरहज। क्षेत्र के कपरवार-रुद्रपुर मार्ग पर अनगिनत गड्ढे हैं, जिससे राहगीर हिचकोले खाने पर मजबूर हैं। करीब पांच वर्ष से सड़क गड्ढे में तब्दील है। अफसरों ने बदहाल सड़क की सुधि नहीं ली इससे लोगों में नाराजगी है। बरहज और रुद्रपुर विधानसभा को जोड़ने वाली सड़क पर बदहाली के कारण लोगों का राह चलना मुश्किल हो गया है। कपरवार में शारदा सीताराम इंटर कालेज के मोड़ के निकट बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। नाली ओवरफ्लो होने और बारिश का पानी भर जाने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। आरआरसी सेंटर, झींगुर शाह बाबा मजार, बिनोवापुरी, जोगीबीर ईंट भट्ठा, कुसम्हा चौराहे तक सड़क पर 100 से अधिक छोटे-बड़े गड्ढे हो गए हैं। दो किलोमीटर की दूरी पार करने में करीब आधा घंटा लग जाता है। वहीं बरांव पेट्रोल पंप से रुद्रपुर बाइपास तक सड़क पूरी तरह टूट गई है।
कोट-
सड़क पर गड्ढा होने के कारण दो और चार पहिया वाहनों के आवाजाही में काफी दिक्कतें आती हैं। सड़क टूटने के कारण लोगों को लंबी दूरी तय करना मजबूरी बन गया है।
-मनीष मल्ल महेन
-
सरकार जनसुविधाओं को लेकर तमाम कदम उठा रही है। लेकिन अधिकारी और मातहत उनके मंसूबों पर पानी फेर रहे हैं। कपरवार-रुद्रपुर मार्ग के अलावा क्षेत्र की अन्य सड़कें भी बदहाल हैं। कोई जिम्मेदार आगे नहीं आना चाह रहा है।
-धीरेंद्र तिवारी, परसियां तिवारी
-
कपरवार-रुद्रपुर मार्ग के विशेष मरम्मत कार्य के लिए शासन को स्टीमेट भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही कार्य पूर्ण करा लिया जाएगा।
-राजेश कुमार एक्सईएन, देवरिया