दो साल से मुंह कैंसर से पीड़ित थे रमायन सिंह, दर्द से परेशान बुजुर्ग ने बंद कमरे में किया सुसाइड
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। कैंसर से जंग लड़ रहे एक बुजुर्ग ने हार मान कर आत्म हत्या कर ली। वह दो साल से कैंसर से पीड़ित बताए जा रहे थे। दो दिन से मुंह कैंसर के दर्द से परेशान होकर बुधवार दोपहर उन्होंने आत्महत्या कर ली। वह पांच साल पहले कोतवाली से होमगार्ड से रिटायर्ड हुए थे। अहलादपुर मरकड़ी गांव के रहने वाले रमायन सिंह (65) कोतवाली में होमगार्ड थे। पांच साल पहले उन्होंने अवकाश प्राप्त किया था। उन्हें कोई संतान नहीं है। घर पर रमायन सिंह और उनकी पत्नी विद्यावती रहती थीं। एक सप्ताह पहले पत्नी गिर कर घायल हो गईं। मोहल्ले वालों के अनुसार रमायन सिंह कैंसर के दर्द से परेशान थे। बुधवार सुबह वह दर्द से कराह कर रो रहे थे। मोहल्ले के लोग उनकी पत्नी विद्यावती के हाथ का इलाज कराने अस्पताल ले गए थे। दोपहर बाद जब लोग वापस लौटे तो बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे। कुंडे से शव लटकता देख लोग अवाक हो गए। पत्नी विद्यवती उम्र के अंतिम पड़ाव में पति की मौत के सदमे को बर्दाश्त नहीं कर पाई। वह पति के शव से लिपट कर रोने लगीं। कैंसर पीड़ित के इस आत्मघाती कदम को सुनकर लोग सन्न रह गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने जिला अस्पताल भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार वाजपेयी ने कहा कि कैंसर से पीड़ित होने के कारण सुसाइड करना लोग बता रहे हैं।