शिकायतों के निस्तारण में ढिलाई के लिए तय होगी जवाबदेही
रुद्रपुर। तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर डीएम ने शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर दिया। कहा कि शिथिलता बरतने वाले जिम्मेदारों की जवाबदेही तय की जाएगी। इस दौरान 71 लोगों ने अपनी समस्या दर्ज कराई। मौके पर सिर्फ दो मामलों का निस्तारण हो पाया।
डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह और एसपी संकल्प शर्मा ने लोगों की शिकायतें सुनीं। सबसे अधिक राजस्व विभाग से जुड़ी 23 शिकायतें आईं। पुलिस विभाग के 17, विकास विभाग से संबंधित आठ और अन्य विभागों से जुड़े 23 मामले आए। राजस्व विभाग के दो मामलों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया।
डीएम ने कहा कि शासन की मंशा के अनुसार जनता को त्वरित लाभ देने के लिए संपूर्ण समाधान दिवस की उपयोगिता महत्वपूर्ण है। इन अवसरों पर आने वाली शिकायतों का गुणवत्ता परक त्वरित निस्तारण की अपेक्षा की गई है। उन्होंने कार्यालयाध्यक्षों को मौके पर जाकर शिकायतों के गुणवत्ता परक और त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। एसडीएम संजीव कुमार उपाध्याय, बीएसए हरिश्चंद नाथ, सीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह, एसडीएम न्यायिक मंजूर अहमद अंसारी, सीओ जिलाजीत, तहसीलदार अभय राज, एनटीआर हिमांशु सिंह, बीडीओ विवेकानंद मिश्र, डीपीओ कृष्णकांत राय आदि अधिकारी मौजूद रहे।
47 शिकायतों में तीन का निस्तारण
सलेमपुर। तहसील सभागार में सीआरओ अमृत लाल बिंद की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। कुल 47 शिकायतें आईं। राजस्व के सर्वाधिक 27 प्रार्थना पत्र आए। इनमें तीन का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। अन्य शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा पुलिस की 11, विकास की 4, लोकनिर्माण विभाग की तीन व पूर्ति की दो शिकायतें आईं। इस मौके पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गुंजन द्विवेदी, सीओ देवआनंद आदि अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
डीएम ने 76 दिव्यांगों को दिया प्रमाण पत्र
रुद्रपुर। दिव्यांग जनों को प्रमाण पत्र देने के लिए शनिवार को रुद्रपुर तहसील परिसर में विशेष कैंप लगाया गया। उद्घाटन डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह और एसपी संकल्प शर्मा ने किया। 76 दिव्यांगों में दिव्यांगता प्रमाण पत्र वितरित किया गया। कैंप में 37 लोगों का यूडीआईडी यूनिक डिसेबिलिटी आईडेंटिटी कार्ड जनरेट किया गया।
डीएम ने कहा कि दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए संपूर्ण समाधान दिवस में दिव्यांगजनों के लिए विशेष कैंप का आयोजन किया जा रहा है। कैंप में यूडीआईडी के साथ मेडिकल बोर्ड की ओर से प्रमाणपत्र दिया जाएगा। उन्होंने समस्त दिव्यांगजनों से कैंप का लाभ उठाने का अनुरोध किया। इस अवसर पर जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी कृष्णकांत राय, श्यामकरण गुप्ता, विशाल चौधरी सहित विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।