शहरी स्वास्थ्य केंद्रों पर लगेंगे टीके : सीएमओ
सीएमओ ने नियमित टीकाकरण की नई व्यवस्था का न्यू पीएचसी सोमनाथ नगर में किया शुभारंभ
जिला महिला अस्पताल में हर रोज नियमित टीकाकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। नियमित टीकाकरण की नई व्यवस्था का रविवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश झा ने न्यू पीएचसी सोमनाथ नगर पर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध टीके सुरक्षित और असरदार हैं। ये टीके जिस कोल्ड चेन में रखे जाते हैं, उसकी नियमित मॉनीटरिंग की जाती है और टीकों की गुणवत्ता पर विशेष जोर रहता है। उन्होंने कहा कि शहरी तीन स्वास्थ्य केंद्रों सोमनाथ नगर, चकियवा व रामनाथ देवरिया पर सोमवार को छोड़ प्रत्येक दिन टीका लगाया जाएगा। रविवार को भी मिलने वाली टीकाकरण की सुविधा से कामकाजी लोग अपने बच्चों का टीकाकरण करा सकेंगे। जिला महिला अस्पताल में सप्ताह में सात दिन सुबह आठ से दोपहर बाद दो बजे तक टीकाकरण होगा। शहरी स्वास्थ्य केंद्रों पर अप्रैल से अक्तूबर माह तक सुबह आठ से दोपहर बाद दो बजे, वहीं, अक्तूबर से मार्च तक सुबह दस से शाम चार बजे तक यह सुविधा मिलेगी।
कहा कि नियमित टीकाकरण के तहत पांच साल में सात बार बच्चों का टीकाकरण करवाना अनिवार्य है। ये टीके 12 प्रकार की बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करते हैं। टीबी, पोलियो, हेपेटाइटिस बी, डिप्थीरिया, टीटनेस, मिजिल्स, परट्यूटिस (काली खांसी), रूबेला, जेई (दिमागी बुखार), निमोनिया, वायरल डायरिया और इंफ्लूएंजा से बचाने में टीकों की अहम भूमिका है। गर्भवती और किशोर किशोरियों को भी टीडी का टीका लगाने का प्रावधान है।
इस दौरान जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एचके मिश्रा, एसीएमओ डॉ. बीपी सिंह, यूनिसेफ के गुलजार त्यागी, जिला मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता विश्वनाथ मल्ल, जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी एलबी चौधरी, एमओ डॉ. गरिमा सिंह, सौरभ सिंह, प्रकाश कुमार मल्ल, स्टाफ नर्स सावित्री निषाद, सरिता, अनुसूईया मणि, रेनू शर्मा, सरोज आदि मौजूद रहीं।
---------