देवरिया। जिला सेवायोजन अधिकारी रोहन अपूर्व सिन्हा ने बताया कि इजरायल देश में निर्माण श्रमिकों को रोजगार प्रदान करने की प्रक्रिया में भारत सरकार एवं इजराइल सरकार के मध्य हुए अनुबंध के तहत एनएसबीसी क्रियान्वयन संस्था नामित है। एनएसडीसी द्वारा पीआईबीए के साथ समन्वय स्थापित करते हुए विभिन्न कैटगरी के निर्माण श्रमिकों को इजराइल भेजे जाने की कार्यवाही की जानी है। उन्होंने बताया कि फ्रेम वर्क/शटरिंग कारपेंटर, आयरन बेन्डिंग, सिरेमिक टाइल्स, एवं प्लास्टरिंग हेतु प्रमुख अर्हताओं के अंतर्गत आयु सीमा 25-45 वर्ष, कम से कम 3 वर्ष की वैधता का पासपोर्ट, संबंधित ट्रेड में कम से कम 3 वर्ष का कार्य अनुभव, इजराइल में पूर्व में कार्य न किया हो इत्यादि है।
अन्य संबंधित शर्तें एवं अर्हताएं सेवायोजन विभाग के पोर्टल rojgarsangam.up.gov.in पर उल्लिखित है। इस पर जॉबसीकर के रूप में जाकर इजराइल हेतु पंजीकरण कराना है। इजराइल सरकार की संख्या पीआईबीए की ओर से निर्माण श्रमिकों के चयन के लिए प्रोफेशनल टेस्ट ड्राइव की कार्यवाही जनपद के नोडल आईटीआई के प्रधानाचार्य एवं सेवायोजन कार्यालय के जिला रोजगार सहायता अधिकारी की ओर से की जाएगी। इस संबंध में अधिक जानकारी जनपद के सेवायोजन कार्यालय अथवा हेल्पलाइन नंबर-155330 के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है।