अलंकार प्रोजेक्ट के तहत बनेंगे पुस्तकालय कक्ष व मल्टीपरपज हाॅल
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिले के 12 राजकीय विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए 3.21 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्रोजेक्ट अलंकार के तहत पीने पानी के लिए पाइपलाइन बिछाने के साथ ही शौचालय, पुस्तकालय कक्ष एवं मल्टीपरपज हाॅल आदि का निर्माण होगा। शासन से पहली किस्त के रूप में 1.67 करोड़ अवमुक्त हो गए हैं।
जिले के वे माध्यमिक विद्यालय जहां बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। अलंकार प्रोजेक्ट से यहां की दशा व दिशा सुधारने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए शासन भी इधर काफी गंभीरता दिखा रहा है। इसके अंतर्गत राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामपुर महुआबारी जिसकी स्थापना वर्ष 2012 में हुई थी। वर्तमान में यहां 91 छात्र अध्ययनरत हैं। यहां 4.57 लाख की लागत से पीने के पानी के लिए पाइपलाइन बिछाई जाएगी।
वर्ष 1912 में स्थापित शहर के राजकीय इंटर कॉलेज में दो हजार से अधिक विद्यार्थी इस सत्र में हैं। 22.03 लाख की लागत से छात्र व छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय ब्लॉक बनाए जाएंगे। इसके साथ ही 18.56 लाख की लागत से पुस्तकालय कक्ष भी बनेगा।
कस्तूरबा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 35.72 लाख की लागत से अतिरिक्त कक्ष बनेगा। पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय माडल इंटर कॉलेज टीलाटाली में 51 छात्र अध्ययनरत हैं। यहां स्वच्छ पेयजल के लिए 4.57 लाख की लागत से पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसके अलावा 47.66 लाख की लागत से मल्टीपरपज हाॅल बनेगा।
इन राजकीय स्कूलों में भी होंगे निर्माण कार्य
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मलघोंट बिरैचा में 22.03 की लागत से अलग-अलग शौचालय ब्लॉक, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज इंदुपुर में पीने के पानी के लिए पाइपलाइन के लिए 4.57 लाख रुपये, शौचालय के लिए 22.03 लाख, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सूरतपुरा में शौचालय के लिए 22.03 लाख व मल्टीपरपज हॉल के लिए 47.46 लाख की स्वीकृति मिली है। राजकीय इंटर कॉलेज बढ़पुरवा में पेयजल के लिए 4.57 लाख, राजकीय माध्यमिक विद्यालय बड़का गांव में पीन के पानी की सुविधा के लिए 4.57 लाख, राजकीय इंटर कॉलेज टीकमपार में पेयजल सुविधा के लिए 4.45 लाख रुपये व मल्टीपरपज हाॅल के लिए 47.46 लाख, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भरहेचौरा में पेयजल सुविधा के लिए 4.57 लाख, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुंडौली लार में पेयजल सुविधा के लिए 4.57 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है।
कोट
प्रोजेक्ट अलंकार के तहत 12 राजकीय विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की स्थापना होगी। इसके लिए 3.21 करोड़ की स्वीकृति मिली है। पहली किस्त के रूप में करीब 1.60 करोड़ रुपये अवमुक्त हुए हैं। कुछ विद्यालयों में कार्य भी शुरू हो चुके हैं। बोर्ड परीक्षा के बाद अन्य जगह भी कार्य प्रारंभ होंगे।
-वीरेंद्र प्रताप सिंह, डीआईओएस