संवाद न्यूज एजेंसी।
रुद्रपुर। कोइलगढ़हा गांव में कुर्ना नदी के किनारे कच्ची शराब बनाने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग टीम ने रविवार को छापामार कार्रवाई की। इस दौरान करीब सात कुंतल लाहन नष्ट किया गया। साथ ही कार्रवाई के दौरान छह भट्ठियों को पुलिस ने तोड़ दिया, हालांकि पुलिस की कार्रवाई के पूर्व ही इस धंधे में लिप्त लोग नदी के रास्ते फरार हो गए।
आबकारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि कच्ची शराब के धंधे को आर्थिक रूप से तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
कुर्ना नदी के किनारे एक साल में दस बार छापा मारकर व्यापक पैमाने पर अवैध रूप से शराब बनाने वालों पर रोक लगाई गई है। सुबह कार्रवाई के दौरान खेतों में लाहन छुपा कर रखी गई थी, जिसे नष्ट कर दिया गया। भट्ठियों को तोड़ दिया गया। अवैध शराब के धंधे से जुड़े लोगों पर कठोर कार्रवाई की जा रही है। लंबे समय से कच्ची शराब के धंधे से जुड़े लोगों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।