खुखुंदू। दीदी के देवर ने शादी का झांसा देकर सात साल तक दुष्कर्म किया। सेना में नौकरी लगने के बाद उसका व्यवहार बदल गया और दूसरी लड़की से सगाई कर ली। भटनी और खुखुंदू थाने के इंस्पेक्टर के रवैए से क्षुब्ध होकर युवती एसपी से मिलकर दगाबाज प्रेमी पर केस दर्ज करने की मांग की है।
भटनी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती की बड़ी बहन की शादी खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई है। इसके घर युवती का आना जाना था। करीब सात साल पूर्व दीदी के देवर से युवती की करीबी बढ़ गई। शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करता रहा। कुछ माह पूर्व युवक का चयन बीएसएफ में हो गया। इसके बाद युवक ने युवती से बात करना बंद कर दिया। युवती ने जब दबाव बनाया तो युवक ने शादी से इन्कार कर दिया। दोनों पक्ष के घर वालों को इसकी जानकारी हुई तो मनमुटाव हो गया। बीएसएफ जवान का एक भाई गांव का प्रधान है जिसकी मौजूदगी में पंचायत भी हुई, लेकिन बात नहीं बनी। आरोप है कि बीएसएफ जवान ने किसी दूसरी लड़की से सगाई कर ली है। इसकी शिकायत युवती खुखुंदू थाने पर लेकर पहुंची। खुखुंदू इंस्पेक्टर ने भटनी थाने का मामला बताकर लौटा दिया। भटनी इंस्पेक्टर से जब वह मिली तो वह खुखुंदू थाने पर जाने की बात कही। बृहस्पतिवार को युवती एसपी संकल्प शर्मा से मिलकर दगाबाज प्रेमी की करतूत बताई। एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि खुखुंदू पुलिस को जांच कर कार्रवाई का आदेश दिया गया है। एक दिन पहले उसकी किसी अन्य लड़की से सगाई हुई है। पीड़ित ने खुखुंदू और भटनी थाने पहुंच पुलिस से गुहार लगाई। सुनवाई नहीं होने पर फिर उसने एसपी संकल्प शर्मा के पास पहुंच उनसे गुहार लगाई है। एसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।