- खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी 11वीं में कर रही पढ़ाई, डरे-सहमे माता-पिता पहुंचे थाने
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के एक गांव में तीन साल पहले एक युवक ने घर पर भोजन बनाने के बहाने गांव की एक किशोरी को घर बुलाकर हवस का शिकार बनाया। जब पीड़िता ने घर पहुंच घटना की जानकारी मां को दी, तो पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद युवक फिर छात्रा को अंजाम भुगतने की धमकी दे रहा है।
शनिवार को जब छात्रा बाजार गई तो आरोपी रास्ते में रोककर जोर-जबरदस्ती करने लगा। घटना की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए डरे-सहमे माता-पिता ने थाने पहुंच कर पुलिस से गुहार लगाई है। खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक पीड़िता और उसके पिता तीन साल पहले होली के दिन पड़ोस की एक हवेली पर भोजन पकाने गए। विलंब होने पर पिता, पुत्री को छोड़कर घर चला गया।
आरोप था कि रात्रि में एक युवक ने पीड़िता को हवस का शिकार बनाया और उसे धमकी देते हुए छोड़ दिया। पुलिस ने जांच में मामला सही पाया और केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी। मेडिकल परीक्षण में दुष्कर्म की पुष्टि होने पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी की धारा बढ़ा कर आरोपी को जेल भेज दिया।
आरोप है कि जेल से बाहर निकला आरोपी पीड़ित छात्रा को अंजाम भुगतने की धमकी देने लगा है। माता-पिता का कहना है कि बच्ची अभी भी घटना से उबर नहीं पाई है। वह डर से घर से बाहर नहीं निकल रही है। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि मामला मेरे संज्ञान में नहीं आया है। पता करता हूं। अगर पीड़िता ने तहरीर दी है तो आरोपी जेल जाएगा।