दुष्कर्म के आरोपी जिला पंचायत सदस्य ने न्यायालय में किया आत्मसमर्पण
जून माह में दर्ज हुआ था मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। युवती से दुष्कर्म करने के आरोपी जिला पंचायत सदस्य ने बुधवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। आरोप है कि गौरी बाजार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती को आवास दिलाने का झांसा देकर उसने दुष्कर्म किया है। नौ जून को गौरी बाजार पुलिस ने युवती की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
दुष्कर्म के आरोपी जिला पंचायत सदस्य सुनील निषाद के खिलाफ एक युवती ने गौरी बाजार थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि आरोपी ने झांसा दिया कि आवास दिया जाना है। इस पर युवती जिला पंचायत सदस्य के आवास पर पहुंच गई। आरोपी ने अपने वाहन में युवती को बैठा लिया और एक स्कूल पर लेकर चला गया। वहां उससे जिला पंचायत सदस्य ने दुष्कर्म किया। घटना के समय जिला पंचायत सदस्य का एक मित्र भी मौजूद रहा। घटना के बाद जब युवती ने शोर मचाया तो आरोपी जिला पंचायत सदस्य के मित्र ने वाहन से ले जाकर युवती को घर छोड़ा और भाग निकला।