संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। रामपुरवा-बैदा संपर्क मार्ग इन दिनों जलभराव के कारण नाला बन गया है। इस कारण राहगीरों को घुटने भर पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। पीडब्ल्यूडी की यह सड़क बारिश के दिनों में तालाब जैसी बन जाती है। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों की दुश्वारियां बढ़ गई है। दोपहिया वाहन चालक और स्कूली बच्चों की जान को जोखिम है। सड़क के बगल में स्कूल होने से सैकड़ों बच्चों को पानी हेल कर स्कूल जाना पड़ रहा है। इस सड़क का दो साल पहले निर्माण कराया गया था।लेकिन गुणवत्ता पर ध्यान न देने और जलनिकासी की व्यवस्था न होने के कारण सड़क हर बारिश में बदहाल हो जाती है। हालात यह हैं कि राहगीरों और स्कूली बच्चों को पगडंडी से होकर गुजरना पड़ रहा है। रामपुरवा के प्रधान उपेन्द्र नाथ सिंह, ओमप्रकाश साहनी, बांके प्रसाद, सत्यनारायण प्रजापति, अनिल सिंह और प्रेम सागर आदि ग्रामीणों का कहना है कि बार बार शिकायत करने के बावजूद पीडब्ल्यूडी ने अब तक कोई पहल नहीं की। हर बरसात में सड़क ताल जैसी हो जाती है। बच्चों को स्कूल जाना मुश्किल हो गया है।लोग गिरकर चोटिल भी हो रहे हैं। सड़क पर जमा पानी से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। गांव में बीमारी फैलने का खतरा बना है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो पूरा गांव सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा। उन्होंने प्रशासन से जल निकासी की व्यवस्था कर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।