वृंदावन के कलाकार आठ दिनों तक करेंगे रामलीला का मंचन
रामलीला समिति के पदाधिकारियों ने शुरू की तैयारियां, दी गई जिम्मेदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। श्रीरामलीला समिति के तत्वावधान में नौ से 18 अक्तूबर तक सर्वेश्वर लीला संस्थान वृंदावन के कलाकार शहर में रामलीला एवं रासलीला की प्रस्तुति करेंगे। 12 अक्तूबर को शहर में राम बरात की भव्य शोभायात्रा निकलेगी और 16 अक्तूबर को एसएसबीएल इंटर कॉलेज में रावण वध का पारंपरिक मेला लगेगा।
शनिवार को समिति के अध्यक्ष अरुण कुमार बरनवाल एवं मंत्री निखिल कुमार सोनी ने बताया कि शहर के रामलीला ग्राउंड पर इस बार श्री राधा सर्वेश्वर लीला संस्थान वृंदावन के कलाकार रामलीला का मंचन करेंगे। जो नौ अक्तूबर से प्रारंभ होकर 18 अक्तूबर तक चलेगा। आठ अक्तूबर को शाम सात बजे मंचन के पूर्व समिति के पदाधिकारियों की ओर से रामलीला मैदान में विधिवत पूजन-अर्चन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 12 अक्तूबर को अपराह्न दो बजे से रामलीला मैदान से सज-धज कर श्रीराम बरात की शोभायात्रा निकलेगी। जो नगर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण कर पुन: आयोजन स्थल पर पहुंचेगी। 16 अक्तूबर को शहर के एसएसबीएल इंटर कॉलेज में अपराह्न चार बजे से रावण वध का मेला लगेगा। अंतिम दो दिन रासलीला के आयोजन के साथ इसका समापन होगा। उन्होंने बताया कि रामलीला मंचन को संपन्न कराने के लिए समिति के पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
शहर में इस तिथि में इन प्रसंगों का मंचन करेंगे कलाकार
नौ अक्तूबर शिव पार्वती संवाद, नारद मोह, श्रीराम जन्म महोत्सव
10 अक्तूबर विश्वामित्र आगमन, ताड़का-सुबाहु वध, अहिल्या उद्धार
11 अक्तूबर धनुष यज्ञ, लक्ष्मण-परशुराम संवाद
12 अक्तूबर श्रीराम बरात, सीता-राम विवाह महोत्सव
13 अक्तूबर श्रीराम वन गमन, केवल मिलन, भरत मनावन
14 अक्तूबर सूर्पनखा नाशा भंग, खर-दूषण वध, सीता हरण, शबरी प्रसंग
15 अक्तूबर सुग्रीव मैत्री, बालि वध, लंका दहन
16 अक्तूबर कुंभ करण रावण वध, श्रीराम राज्याभिषेक
17 अक्तूबर श्रीकृष्ण जन्म, पूतना वध, माखन चोरी
18 अक्तूबर श्याम सगाई, बरसाने की प्रसिद्ध लट्ठमार होली, फूलों की होली