- कई मोहल्लों की सड़कों पर बहने लगा नाला का पानी
- दो स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरी
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। शुक्रवार की सुबह तेज हवा के साथ बारिश से खेतों में फसलें गिर गईं। जिसको देखकर किसानों में चिंता बढ़ गई है। दो स्थानों पर बिजली गिरने से लोग दहशत में आ गए, हालांकि, कोई क्षति नहीं हुई। उधर, शहर में नालों के उफनाने से गंदा पानी सड़कों पर फैल गया।
मौसम में बदलाव बृहस्पतिवार की रात से शुरू हो गया। बादल छाने लगे और हवा चलने लगी। शुक्रवार की भोर से अंधेरा छा गया और सुबह करीब छह बजे बादल कड़कने लगे। तेज हवा के बीच बारिश शुरू हो गई और बिजली चमकने लगी। हवा के चलते लोगों को ठंड का एहसास होने लगा।
वहीं, बारिश से शहर की न्यू काॅलोनी, राघव नगर, रामगुलाम टोला पूर्वी और नई बस्तियों में नाले उफना गए और बदबूदार पानी सड़कों पर फैल गया। इससे राहगीरों को मुसीबत झेलनी पड़ी। गंदे पानी से होकर लोगों को गुजरना पड़ा। वहीं, चारपहिया वाहन के छींटे पड़ने से कपड़े खराब हो गए। मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी के पास पानी लग गया। उत्तर तरफ से लोगों को पानी से होकर जाना पड़ा। दो पहिया वाहनों को पानी में ही खड़ा करना पड़ा।
उधर, बघौचघाट क्षेत्र के पथरदेवा, सिधावे, मलसी, बघौचघाट, रामनगर, पकहॉ, कोटवा, हरैया, अमवां, सोहनरिया, नरायनपुर, सिसवा, मुड़िकटवा, महुआपाटन, भरौटा, नरहरपट्टी, सरैनी, बाबूपट्टी, सीतापट्टी, बेलही, बंजरिया, गुलहरिया, पगरा, तरकुलवा, कनकपुरा, जमुनी आदि गांवों के किसानों का कहना है कि तेज हवा के साथ हुई बारिश से गेहूं की फसल चौपट हो जाएगी। फसलों के गिरने से पैदावार प्रभावित होगी। कंबाइन से फसलों को काटने में भी काफी दिक्कत होगी।उधर, सरसों, मटर, आलू, सब्जियों की फसल को भी भारी नुकसान की आशंका बताई ला रही है।
भटनी क्षेत्र में खेतों में गिरी गेहूं की फसल को देख किसान परेशान हैं। वहीं, बारिश में सरसों की फसल को भी क्षति हुई है। किसानों का कहना है कि इस समय गेहूं के फसल के दानों का विकास होता है। फसल गिरने से पैदावार पर असर पड़ सकता है। जो सरसों की कटाई कर खेतों में छोड़े हैं। उसका खेत में ही दाने गिरने का डर बना रहता है। मौसम में नमी पूरे सप्ताह बनी रही तो नुकसान बढ़ सकता है। वहीं, रुद्रपुर, बरहज, सलेमपुर, भाटपाररानी क्षेत्र में भी फसलों को नुकसान हुआ है।
- फोटो
बारिश और हवा से गेहूं की फसल जमीन पर गिर गई है। अभी गनीमत है। ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। अगर इसके बाद बारिश होगी तो हमारी गेहूं की फसल खराब हो जाएगी।
-चोकट चौहान, किसान सिधावे
- फोटो
बेमौसम बारिश और हवा से गेहूं और सरसों को नुकसान हुआ है। आगे अगर और बारिश होती है तो तेज हवा से हम किसानों का बहुत नुकसान होगा। हमारे आम की बौर अच्छी लगी है। आंधी-तूफान आया तो काफी नुकसान होगा।
-अवधलाल, किसान रामनगर
कोट
हल्की बारिश व हवा से गेहूं की कुछ फसल गिरी है। अभी नुकसान नहीं है। दो दिन और मौसम खराब रहेगा। किसान सतर्क रहें।
-रजनीश श्रीवास्तव, प्रभारी कृषि विज्ञान केंद्र मल्हनी
बिजली गिरने से मंदिर व मकान क्षतिग्रस्त
देवरिया। शुक्रवार की सुबह बारिश में सुरौली थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव स्थित मां थावेवाली मंदिर के ऊपरी हिस्से पर बिजली गिरी। इसमें दीवार व छत क्षतिग्रस्त हो गई। तेज आवाज होने से आसपास के लोग सहम गए। वहीं, बरियारपुर के वार्ड नंबर पांच के पुटश्रीहवा टोले पर अमित विश्वकर्मा के दो मंजिला मकान पर बिजली गिर गई। इससे पानी की टंकी और छत फट गई। बिजली का केबल जल गया है। आसपास के मकानों का भी बिजली वायरिंग व केबल जल गया। सभी लोग मोबाइल सहित घर के सभी इलेक्ट्रॉनिक सामान बंद कर रखे हैं। छत फटने के कारण बारिश का पानी घर के अंदर आ रहा है। अमित विश्वकर्मा, उनके परिजनों सहित आसपास के लोग बिजली गिरने से भयभीत हैं ।