लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड का दफ्तर बृहस्पतिवार को अखाड़ा बन गया। पत्र विवाद को लेकर दो लिपिक आपस में भिड़ गए। जमकर हाथापाईं हुई। किसी के शर्ट का काॅलर फट गया तो किसी के कपड़े का पूरा बटन खुल गया। कार्यालय के अन्य कर्मचारियों ने किसी तरह दोनों बाबुओं को अलग किया।
मारपीट की यह घटना सायं 3.30 बजे हुई। खंड के एक्सईएन मनोज कुमार पांडेय अवकाश पर थे। पटल लिपिक अनिल सिंह और डाक लिपिक बाबू लाल के बीच किसी पत्र को पहुंचाने के लिए कहासुनी हो रही थी। बात बढ़ता देख अन्य कर्मचारियों ने प्रभारी एक्सईएन प्रांतीय खंड आरके सिंह को फोन किया तो उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। दोनों बाबू हाथापाईं पर उतारू हो गए। मामले में डाक लिपिक बाबूलाल ने लिपिक अनिल सिंह के खिलाफ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए एक्सईएन से लिखित शिकायत की है। एक्सईएन मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि मैं अवकाश पर हूं। दफ्तर में मारपीट होने की जानकारी नहीं है। अभी पता कराता हूं, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।