शव सड़क पर रखकर महिलाओं ने दिया धरना
दो दिन पूर्व कोतवाली थाना क्षेत्र के सरबौली गांव में मामूली विवाद में हुई थी मारपीट
मृतक दिलीप के पिता की तहरीर पर तीन महिलाओं समेत पांच लोगों पर दर्ज है केस
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। दो दिन पूर्व मामूली विवाद में हुई मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान जिला चिकित्सालय में मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम होने के बाद शुक्रवार की रात जब युवक का शव घर पहुंचा तो परिजन अंतिम संस्कार करने की बजाय सड़क पर शव रखकर पूरी रात प्रदर्शन करने रहे। किसी जिम्मेदार को बुलाने पर अड़े रहे।
शनिवार दोपहर एसएसआई रमेश कुमार सिंह और गांव के प्रधान संदीप यादव के आश्वासन के बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार कराने को तैयार हुए। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने मृतक दिलीप के पिता की तहरीर पर तीन महिलाओं समेत पांच लोगों पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर किया है। इस मामले में मूलचंद प्रसाद, सिंगारी देवी व खुशबू का मेडिकल कराने के बाद कोतवाली पुलिस ने चालान कर दिया। आदित्य और अंजू देवी फरार बताए जा रहे हैं।
कोतवाली थाना क्षेत्र के सरबौली गांव में बृहस्पतिवार की रात मामूली विवाद को लेकर दो परिवारों में मारपीट हो गई थी। इसमें दिलीप कुमार (38) वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान शुक्रवार की भोर जिला चिकित्सालय में मौत हो गई थी। कोतवाली पुलिस ने मृतक के पिता विजय शंकर प्रसाद की तहरीर पर गांव के मूलचंद, आदित्य, खुशबू, सिंगारी व अंजू देवी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
इधर, परिजनों का कहना था कि पुलिस ने हत्या के मामले में गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। एसएसआई रमेश कुमार सिंह ने बताया कि महिलाओं का आरोप था कि युवक की हत्या की गई है। मृतक के पिता की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद धारा घटाई या बढ़ाई जाएगी।