जीएसटी छापा को लेकर सलेमपुर के व्यापारियों ने किया प्रदर्शन
विरोध में बंद रहीं दुकानें, शादी के समय खरीदारी करने के लिए परेशान रहे लोग
एसडीएम व डीएम को व्यापारियों ने दिया ज्ञापन, बड़े आंदोलन की दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। नगर में स्टेट जीएसटी टीम की छापेमारी से व्यापारियों में आक्रोश है। इसको लेकर व्यापारियों ने शुक्रवार को प्रदर्शन कर विरोध जताया। नगर की दुकानें बंद रहीं। व्यापारियों ने एसडीएम व डीएम को अलग-अलग ज्ञापन देकर व्यापारियों का उत्पीड़न बंद करने को कहा है। ऐसा नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। वहीं, दुकानें बंद रहने से शादी के लिए खरीदारी करने आए लोगों को भटकना पड़ा। एसडीएम अरुण कुुमार के आश्वासन पर दोपहर बाद दुकानें खुलीं।
जीएसटी को लेकर नगर के एक प्रतिष्ठित कपड़े की दुकान में बृहस्पतिवार को छापा मारा गया। इसके बाद से नगर के व्यापारी आक्रोशित हैं। व्यापारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा संपूर्ण प्रदेश में सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर जीएसटी जांच की प्रक्रिया शुरू की गई है।
सरकार की क्या मंशा है। इस जांच का क्या उद्देश्य है। इससे भलीभांति अवगत नहीं हैं। इस जांच के लिए क्या प्रक्रिया है। संबंधित क्या चाह रहे हैं। व्यापारी इससे भी अनभिज्ञ हैं। व्यापारियों की इस अनभिज्ञता का पूरा-पूरा लाभ संबंधित जांच अधिकारी उठा रहे हैं। जांच के नाम पर उनका शारीरिक, मानसिक, व्यावसायिक व आर्थिक उत्पीड़न कर रहे हैं। व्यापारी नेता शंभूदयाल गुप्ता ने कहा कि यदि प्रदेश सरकार इस उत्पीड़न पर अंकुश नहीं लगा पाती है तो व्यापारी समुदाय बाध्य होकर सड़कों पर उतर कर आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
उधर, व्यापार मंडल के अध्यक्ष शंभू दयाल गुप्त के नेतृत्व में व्यापारी प्रतिष्ठान बंद कर जीएसटी के विरोध में प्रदर्शन करते हुए तहसील पहुंचे, जहां एसडीएम को पत्रक सौंपा। प्रदर्शन करने वालों में सतीश चंद्र जायसवाल, लक्ष्मण गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, संदीप मद्धेशिया, विनोद ठठेरा, अरुण गुप्ता, राजदीप गुप्ता, सोनू वर्मा, दिव्य प्रकाश समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे। वहीं, उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुधाकर गुप्त ने डीएम को ज्ञापन देकर उत्पीड़न बंद करने की मांग की है।
उधर, नगर पंचायत के वार्ड नंबर तीन भठवा धर्मपुर निवासी बलराम प्रसाद के घर शादी है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की सुबह वह किराना का सामान लेने के लिए बाजार में गए थे, लेकिन दुकानें बंद होने के चलते सामान नहीं मिला। ब्लॉक के नवलपुर गांव निवासी जेपी जायसवाल के घर लड़की की पुजाई का कार्यक्रम रखा गया है। इसके लिए वह सुबह बाजार में सामान खरीदने गए थे लेकिन दुकानें बंद होने के चलते उन्हें सामान नहीं मिला। बीघा गांव निवासी राजीव कुमार मौर्या के घर लड़की की शादी है। वह बाजार में सामान के लिए आए थे दुकानें बंद थीं, जिसके चलते उन्हें सामान नहीं मिला, वह निराश होकर घर लौट गए।
स्टेट जीएसटी टीम के छापे में बीस लाख रुपये का मिला था अंतर
अफसरों ने चार्ज के तौर पर ऑनलाइन दो लाख तत्काल कराया जमा
एक दिन पूर्व अभियान में एक प्रतिष्ठान का रिकॉर्ड टीम ने खंगाला था
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। स्टेट जीएसटी टीम ने एक दिन पूर्व नगर के पूर्वी इचौना वार्ड स्थित एक कपड़ा व्यवसायी के गोदाम व दुकान पर छापा मारा था। विभाग ने देर शाम तक दुकान व गोदाम के स्टॉक की जांच की। इसमें तकरीबन दो लाख रुपये का अंतर मिला। मामले को गंभीरता से लेते हुए अफसरों ने तत्काल प्रभाव से चार्ज के तौर पर दो लाख रुपये ऑनलाइन जमा कराए। हालांकि, अभी इस प्रतिष्ठान की जांच टीम द्वारा गोपनीय स्तर से कराई जा रही है।
नगर स्थित रेयाज साड़ी सेंटर व इससे संबंधित दो गोदामों पर बृहस्पतिवार की सुबह सहायक आयुक्त जयंत कुमार सिंह, अमित कुमार सिंह, मनमोहन वर्मा के नेतृत्व में राज्य कर अधिकारी सुधीर कुमार, मयंक कुमार, रुद्रेश कुमार चौबे की टीम ने छापा मारा था। जांच के दौरान स्टॉक में बीस लाख रुपये का अंतर पाया गया।
सहायक आयुक्त अमित कुमार सिंह ने बताया कि कपड़े की दुकान में प्रदेश व्यापी अभियान के तहत छापा मारा गया था। दुकान में स्टॉक मिलान में ज्यादा अनियमितता के अलावा बीस लाख रुपये का अंतर पाया गया। दुकानदार से चार्ज के तौर पर दो लाख रुपये ऑनलाइन जमा कराया गया है। अभी इस मामले में जांच चल रही है। इसमें पैसा बढ़ भी सकता है।
...फोटो समाचार
दूसरे दिन भी दुकानें रहीं बंद
देसही देवरिया। क्षेत्र में स्टेट जीएसटी टीम आने की सूचना पर शुक्रवार को चौराहे की दुकानें बंद रहीं। शाम को ही कुछ दुकानें खुलीं। इससे ग्राहकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
देसही देवरिया क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन भी टीम के आने की सूचना पर दुकानदारों के बीच खलबली रही। इसके बाद हेतिमपुर, बरवां मीरछापर, आनंदनगर, नौतन हथियागढ़, मुसहरी, भटनी दादन, रामपुर गौनरिया आदि चौराहों पर दुकानें धड़ाधड़ बंद हो गईं। दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों का शटर बंद कर इधर-उधर हट गए।
वहीं, महुआडीह क्षेत्र में दूसरे दिन भी ऐसा ही माहौल देखने को मिला। महुआडीह, बलटिकरा, पांडेयचक, सेखौना, हरैया बसंतपुर, लक्ष्मीपुर आदि चौराहों पर दुकानें बंद होने से सन्नाटा छाया रहा। इससे लग्न के माहौल में खरीदारी करने आए ग्राहकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ज्यादातर दुकानें कपड़े, रेडीमेड, ज्वेलरी व दवा की दुकानें बंद रहीं। कुछ चौराहों पर शाम को दुकानें खुल गईं। वहीं जांच को लेकर दुकानदारों के बीच नाराजगी भी दिखाई दी।
लॉकडाउन जैसा बना माहौल
जीएसटी टीम आने की सूचना क्षेत्र के दुकानदारों के बीच तेजी से फैल गई। इससे चारों तरफ दुकानें बंद कर दी गईं। चौराहों पर छाए सन्नाटों से लॉकडाउन की यादें एक बार फिर ताजी हो गईं। यहां तक कि जीएसटी देने वाले दुकानदार भी भय के चलते अपनी दुकानें नहीं खोले।
फोटो समाचार
बरहज में धड़ाधड़ बंद हो गईं दुकानें
बरहज। नगर क्षेत्र में शुक्रवार को जीएसटी टीम आने की सूचना वायरल हो गई। जानकारी होने पर दुकानदार अपनी दुकानों के शटर धड़ाधड़ गिराने लगे। मौका देख खिसक भी लिए। पूरे दिन दुकानों के बंद होने के कारण जरूरत के सामान की खरीदारी को लेकर आए लोग हलकान रहे।
सलेमपुर में हुई छापेमारी के बाद स्टेट जीएसटी टीम के बरहज पहुंचने की सूचना फैल गई। दुकानदार प्रतिष्ठानों के शटर गिराने लगे। नगर के ब्लॉक, तहसील, नगरपालिका और थाना मार्ग की दुकानें 11 बजे से बंद हो गईं थीं। भलुअनी, बरांव करुअना, गड़ेर, कपरवार सहित अन्य जगहों पर भी स्टेट जीएसटी टीम द्वारा छापेमारी किए जाने की सूचना पर दुकानें बंद रहीं।
इस संबंध में एसडीएम गजेंद्र सिंह ने बताया कि जीएसटी टीम के आने की कोई सूचना नहीं मिली है। फिलहाल, प्रदेश में व्यापक अभियान के तहत छापेमारी की जा रही है। ताकि लोग वैधानिक तरीके से दुकानें चला सकें। संवाद
लार में भी व्यापारियों में मचा रहा हड़कंप
लार। जीएसटी टीम ने शुक्रवार को नगर स्थित एक कपड़ा दुकान में छापे मारी की। इस बात की जानकारी मिलते ही अन्य दुकानदार शटर गिरा मौके से फरार हो गए। उधर, शाम तक टीम नगर में डेरा डाले रही। इससे दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
स्टेट जीएसटी के सहायक अयुक्त जयंत कुमार सिंह, सहायक आयुक्त संदीप श्रीवास्तव, सहायक आयुक्त अमित सिंह, सहायक आयुक्त मनमोहन वर्मा, राज्यकर अधिकारी मयंक कुमार, राज्यकर अधिकारी सुधीर कुमार, रुद्रेश चौबे, रहस्य, प्रशांत चौधरी की टीम शाम चार बजे लार पहुंची। यहां एक कपड़े की दुकान में छापेमारी कर जीएसटी से संबंधित कागजात दिखाने को कहा। इसके बाद टीम ने एकाउंट बुक से खरीद बिक्री के रजिस्टर से घंटों मिलान किया। इसमें कुछ खामियां मिलने की आशंका हुई। टीम के अनुसार प्रापर टैक्स अदा किया गया होगा तो ठीक है। अगर कमी मिलती है तो टैक्स की भरपाई कराई जाएगी।
यहां के बाद टीम नगर के चनुकी मोड़, बस स्टैंड, मुख्य बाजार, लखु मोड़, छपरा मोड़ पर पहुंची। टीम के आने की भनक लगते ही दुकानदार शटर गिरा खिसक लिए। सहायक आयुक्त जयंत सिंह ने व्यवसायियों से अपील की कि वे डर से दुकानें बंद न करें। उन्हें अधिकारियों का सहयोग करना चाहिए।
उधर, लार व्यापार मंडल के अध्यक्ष सतीश बरनवाल ने बताया कि जीएसटी टीम द्वारा व्यवसायियों को दहशत में लाने के लिए छापेमारी की जा रही है। विभाग द्वारा नोटिस भेजकर दुकानदारों को टैक्स से संबंधित कार्य के लिए बुलाना चाहिए।
जीएसटी जांच के खौफ से दो दिन से बंद हैं दुकानें
रुद्रपुर/पकड़ी बाजार। स्टेट जीएसटी की जांच के खौफ से दो दिन से नगर सहित क्षेत्र के दुकानदारों ने दुकानें बंद रखी हैं। दुकानों के बंद होने से शुक्रवार को व्यापारी और दुकानदार परेशान रहे। नगर के व्यापारियों ने एमएलसी डॉ. रतनपाल सिंह को पत्रक देकर जीएसटी के अधिकारियों पर जांच के नाम पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है।
बृहस्पतिवार की दोपहर बाद नगर में जीएसटी बिल की जांच को लेकर छापामारी की खबर फैलते ही दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दीं। रामलक्षन, एकौना, पचलड़ी, मदनपुर, पकड़ी बाजार चौराहे पर दुकानें बंद हो गईं। दूसरे दिन शुक्रवार को भी दुकान बंद होने से दुकानदार परेशान दिखे।
व्यापार मंडल अध्यक्ष श्यामजी जायसवाल, गोपाल गुप्ता, जयराम पासवान, जयरतन चौरसिया, रमेश गुप्ता, तेज प्रताप गुप्ता, अनिल पांडेय, गंगा गुप्ता, सागर मोदनवाल ने एमएलसी से मिलकर बताया कि जीएसटी अधिकारियों द्वारा सर्वे के नाम पर उत्पीड़न किया जा रहा है। जनप्रतिनिधि ऐसे मामलों को मुख्यमंत्री के संज्ञान में तत्काल पहुंचाएं। उन्होंने सर्वे के नाम पर उत्पीड़न बंद नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
...फोटो समाचार
स्टेट जीएसटी टीम सर्वे के नाम पर कर रही उत्पीड़न
जनपद व्यापार मंडल ने सीडीओ को दिया ज्ञापन, कहा-व्यापारियों का हो रहा उत्पीड़न
कार्रवाई बंद कराने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जनपद व्यापार मंडल ने व्यापारियों के यहां जीएसटी की जांच पर रोष जताया है। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को सीडीओ रवींद्र कुमार से इस संबंध में वार्ता करते हुए ज्ञापन दिया और इस पर रोक लगाने की मांग की।
संगठन के अध्यक्ष अखिलेश जायसवाल ने कहा कि जीएसटी सर्वे के नाम पर स्टेट टीम की ओर से व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। यह किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। व्यापारी हर हाल में अपने सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष करेगा। व्यापारी वर्ग अभी जटिल जीएसटी एवं कोविड-19 महामारी, ऑनलाइन व्यापार सहित अन्य समस्याओं से जूझ रहा है। ऊपर से सर्वे के नाम व्यापारियों का उत्पीड़न प्रशासन की ओर से किया जा रहा है।
कहा कि व्यापारी समाज हमेशा देशहित में समाज को अपना योगदान देता रहा है। प्रतिनिधिमंडल में संरक्षक विजय प्रसाद, महामंत्री जीवनलाल बरनवाल, उपाध्यक्ष रमेश वर्मा, मंत्री बैजनाथ सोनी, अजय नांगलिया, विवेक कमानी, युवा व्यापार मंडल के अध्यक्ष संतोष बरनवाल, राजकुमार जायसवाल, विजय बरनवाल आदि शामिल रहे।