खराब चावल वितरण कराने का आरोप, जांच कर कार्रवाई की मांग
चावल में कोई मिलावट नहीं : पूर्ति निरीक्षक
संवाद न्यूज एजेंसी
पकड़ी बाजार। बरडीहा दल गांव में मंगलवार को सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर कार्डधारकों ने हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने बांटे जा रहे चावल में मिलावट करने का आरोप लगाया। आपूर्ति विभाग चावल में मिलावट होने की आशंका से इन्कार कर रहा है।
सुबह नौ बजे बरडीहा दल गांव में कोटेदार रामदेव कुशवाहा अनाज वितरण कर रहे थे। बोरे में मिल रहे चावल को खराब बता कर कार्डधारक हंगामा करने लगे। दुकान पर बवाल बढ़ते देखकर दुकानदार ने वितरण बंद कर दिया। कार्डधारक विमला देवी, कैलाशी, सदरन निशा, किरन, पूनम, प्यारे लाल यादव, प्रिंस, मोहन जायसवाल आदि ने कहा कि कोटेदार अक्सर दुकान से खराब चावल बांट रहा है। पीला चावल मिलने से लोगों की तबीयत खराब होने की आशंका है। पिछले माह शिकायत करने के बाद भी इस बार खराब चावल ही बांटा जा रहा। यदि कोटेदार के घर रखे चावल की जांच नहीं हुई, तो तहसील का घेराव किया जाएगा।
इस बाबत पूर्ति निरीक्षक शिवनारायण यादव ने कहा कि शासन विटामिन युक्त चावल प्रत्येक कार्डधारक तक पहुंचा रहा है। इसमें मिलावट की कोई आशंका नहीं है। विटामिन युक्त चावल का रंग हल्का पीला हो रहा है।