संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। कई वर्षों से लार क्षेत्र की खराब सड़कों को लेकर रविवार को बभनौली पांडेय गांव के सामने सड़क पर प्रदर्शन कर युवाओं ने गुस्सा जताया। लार क्षेत्र की सड़कों की स्थिति खराब हो गई है और जगह-जगह गड्ढा बन गया है, इससे राह चलने में लोगों को दिक्कत उठानी पड़ रही है। सड़कों के टूटने से आए दिन हादसे भी हो रहे हैं।
लार-पिंडी मार्ग की भी स्थिति ज्यादा खराब हो गई है। जगह-जगह सड़क टूट कर गड्ढे में तब्दील हो गई है। लोगों ने कई बार सड़क की मरम्मत कराने के लिए जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की, लेकिन आज तक सड़क की मरम्मत नहीं हुई। प्रदर्शनकारी युवाओं का कहना है कि क्षेत्र के जन प्रतिनिधि काफी दिनों से मीडिया में यह बयान दे रहे हैं कि यह सड़क हमने पास करा दी। एक वर्ष से यह झूठा आश्वासन सुनते कान पक गए हैं। लार युवा मोर्चा के सुनील पांडेय के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में डॉ. अजित मद्धेशिया, आदर्श पांडेय, पीयूष पांडेय, इनवेंद्र कुमार शाही, राजकुमार पांडेय, चंदन पांडेय, अविनाश पांडेय, विशाल पांडेय, तूफानी प्रसाद और अमरेंद्र पांडेय आदि मौजूद थे।