जर्दी-डोमरा रिंग बांध के पास बनाई जा रही है सड़क
संवाद न्यूज एजेंसी
पनियरा/मिठौरा। जर्दी-डोमरा रिंग बांध के पास ग्राम पंचायत लक्ष्मीपुर के छोटकी बांकी टोले के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में गड़बड़ी के विरोध में प्रदर्शन किया। गांव के लोगों का कहना है कि बरसात के दिनों में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। 1900 मीटर रिंग बांध पर पक्की सड़क बनने में मानक का ख्याल नहीं रखा जा रहा है।
ग्रामीण दीनानाथ पांडेय, रामसमुझ कनौजिया, शिवपूजन, मंजू देवी, माया, लक्ष्मीना, इंद्रावती, सुमन ने कहा कि निर्माण ठीक ढंग से नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। सिंचाई विभाग के अवर अभियंता विनोद कुमार ने बताया कि अभी काम चल रहा है। मानक के अनुरूप काम कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उधर, मिठौरा क्षेत्र की ग्राम सभा बड़हरामीर में सड़क की मरम्मत में मानक का ध्यान नहीं रखने पर लोगों ने प्रदर्शन किया। लोगों ने कहा कि मानक के अनुसार काम नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। ग्राम सभा निवासी रामजीत, गोपी, सुखलाल, विश्वामित्र, अक्षय कुमार, रामबेलास आदि का कहना है कि सड़क की मरम्मत में काफी अनियमितता बरती जा रही है। एक तरफ सड़क की मरम्मत हो रही है, दूसरी तरफ सड़क से गिट्टियां उखड़तीं जा रही हैं। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता गंगा सागर ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। संवाद