संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। सदर रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली कई ट्रेनों को निरस्त होने और कई के मार्ग परिवर्तित हो जाने के बाद रेलवे स्टेशन पर लोकल रूटों पर जाने वाले यात्रियों की दिक्कतें बढ़ गई हैं।
दोपहर में आने वाली बाघ एक्सप्रेस के नहीं आने से स्कूल कॉलेज के अलावा आईटीआई करने वालों सहित दैनिक यात्रियों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। उन्हें समय से ट्रेन नहीं मिलने से तीन से चार घंटे तक प्लेटफार्म पर ही बैठकर इंतजार करना पड़ रहा है। शाम को इंटरसिटी एक्सप्रेस के आने पर यह वापस अपने घर जा रहे हैं।
गोरखपुर-गोंडा रेलखंड पर स्थित डोमिनगढ़- जगतबेला के मध्य ऑटोमेटिक सिग्नलिंग का कार्य एवं कुसुम्ही-गोरखपुर कैंट- गोरखपुर तीसरे रेल लाइन का निर्माण होने के चलते देवरिया सदर से गुजरने वाली 15 से अधिक ट्रेनों को निरस्त एवं कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया है। डोमिनगढ़ स्टेशन पर 14 से 25 अक्तूबर तक प्री-नान इंटरलॉकिंग कार्य तथा 26 एवं 27 अक्तूबर को नॉन इंटरलॉकिंग कार्य होना है। इससे जो ट्रेनें चल रही है उन पर यात्रियों का दबाव बढ़ गया है। इसका असर यह है कि पहले जिन ट्रेनों में भीड़ नहीं हो रही थी, अब उनमें खूब हो रही है। सोमवार को दोपहर 2:30 बजे दरभंगा से नई दिल्ली जाने वाली बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर दो पर आई। ट्रेन पूरी तरह पैक दिखी। शालीमार एक्सप्रेस भी इसी दौरान आई। जो यात्री इसका इंतजार कर रहे थे, उन्हें चढ़ने में मुश्किलें पेश आईं। प्लेटफार्म नंबर दो पर ही 3:50 बजे सहरसा से नई दिल्ली जाने वाली वैशाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस आई। इसके पहले चार जनरल बोगी में चढ़ पाने में यात्रियों से धक्का मुक्की करनी पड़ी। शाम सात बजे गोरखपुर से छपरा जाने वाली इंटरसीटी एक्सप्रेस आई, इसमें लोकल यात्रियों की भीड़ ज्यादा रही। इसमें ज्यादातर एमएसटीधारक, छात्र-छात्राएं, अधिवक्ता, नौकरीपेशा शामिल रहे। अधिकांश लोकल यात्री दोपहर 2:30 बजे आने वाली बाघ एक्सप्रेस से ही चले जाते हैं।