भटनी व भिंगारी बाजार सब स्टेशन से जुड़े लोगों की मुश्किलें बढ़ीं
संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। क्षेत्र के पुरनाछापर 132/33 बिजली उपकेंद्र के हाईटेंशन तार पर पेड़ टूटकर गिरने से नगर समेत 200 गांवों की बिजली 32 घंटे से गुल है। इसके चलते भटनी व भिंगारी बाजार सब स्टेशनों से जुड़े लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लोग पानी के के लिए तरस गए हैं। वहीं, मोबाइल चार्ज कराने को लोग इधर-उधर भटक रहे हैं। बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे निगम के कर्मियों ने पेड़ काटकर नगर व अन्य फीडरों की बिजली बहाल कराई, लेकिन अब भी अधिकांश जगहों पर बिजली आपूर्ति चालू नहीं हो पाई है। जिम्मेदारों ने देर शाम तक आपूर्ति बहाल कराने की बात कही है।
भटनी के पुरनाछापर 132/33 उपकेंद्र से भटनी, भिंगारी बाजार और गजहरवा (बनकटा) सबस्टेशनों को बिजली की आपूर्ति होती है। बुधवार भोर में शुरू हुई तेज हवा के साथ बारिश से कई जगहों पर मेन लाइन के हाईटेंशन तारों पर पेड़ और डालियां टूटकर गिर गईं। इसके चलते भटनी नगर पंचायत समेत 200 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। लगातार हो रही बारिश में फाॅल्ट नहीं मिलने के चलते विद्युत कर्मी ने मोबाइल स्विच ऑफ कर आपूर्ति बाधित छोड़ दिया। बृहस्पतिवार सुबह मौसम ठीक होने पर कर्मियों ने पेट्रोलिंग की तो परसौनी, मिश्रौली दीक्षित, घांटी बाजार और बंधी मठ गांव के सामने मेन लाइन का तार टूटने की जानकारी मिली। कर्मियों ने तार पर गिरे पेड़ व उसकी डालियों को काटना शुरू किया, जिसमें शाम हो गई। काफी प्रयास के बाद भटनी सब स्टेशन से जुड़े नगर, बैकुंठपुर फीडर को चालू कर आपूर्ति बहाल कराई गई। लेकिन अब भी बलुआ अफगान, घांटी बाजार, भटनी देहात, भिंगारी बाजार की बिजली चालू नहीं हो पाई है। लगातार बिजली ठप होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बोले लोग
बुधवार भोर से बिजली चालू नहीं होने से परेशानी बढ़ गई है। घरों में पीने का शुद्ध पानी नहीं है। इलेक्ट्रिक और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शोपीस बन कर रह गए हैं। मोबाइल बंद होने से दूर रह रहे घर वाले व रिश्तेदार भी परेशान हैं। ऐसे में जिम्मेदारों का मोबाइल स्विच ऑफ करना और दुखदायी हो रहा है।
-निजामुद्दीन अंसारी, दुकानदार, भटनी
तेज हवा के साथ बारिश के चलते तीस घंटे से बत्ती गुल है। रात में मच्छरों के के कारण नींद नहीं आई। महिलाओं को अंधरे में भोजन पकाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। निगम कर्मियों की लापरवाही के चलते गर्मी व बरसात के दिनों में अक्सर यहां के लोगों को ऐसी दिक्कत से सामना करना पड़ता है। फाॅल्ट होने पर कर्मी कुछ जगहों पर जान-बूझकर सप्लाई बंद कर फिर रुपये लेकर आपूर्ति बहाल करते हैं। इसकी कई बार शिकायत की गई है, लेकिन जिम्मेदार अनसुना कर देते हैं।
-रमेश यादव, शिक्षक
कोट..
तेज हवा के साथ बारिश से मेन लाइन पर कई जगह पेड़ व उसकी डाली टूटकर गिर गई थी। मौसम ठीक होने पर समस्या ठीक कर बारी -बारी फीडरों को बिजली दी जा रही है। देर शाम तक दोनों सबस्टेशनों से जुड़े नगर व गांवों की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
-शक्ति सिंह, अवर अभियंता, भटनी
24 घंटे 200 गांवों की बिजली गुल
देवरिया। बेमौसम आंधी-पानी की वजह से बिजली की व्यवस्था बेपटरी हो गई। क्षेत्र के बनकटिया दूबे व गझड़वा उपकेंद्र से संचालित होने वाले जंजीरहा, सोहनपुर, बंजारिया, खोराबार, रामपुर बुजुर्ग, प्रताप छापर, पचरुखिया, अहिरौली, प्रतापपुर, हाता, बंगरा, बखरी सहित 200 गांवों की बिजली 24 घंटे बंद रही। इससे क्षेत्र में अंधेरा छाया रहा। परिषदीय विद्यालयों में हो रही परीक्षा में बच्चों को परेशानी झेलनी पड़ी। एसडीओ मयंक अग्रवाल ने बताया कि तैंतीस हजार लाइन में ब्रेकडाउन होने की वजह से समस्या उत्पन्न हुई है। कर्मचारी लगे हैं, जल्द ही आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी।