बरहज। भीषण गर्मी से जनजीवन बेहाल हो गया है। नगर में प्याऊ का समुचित प्रबंध न होने से लोगों के कंठ सूख जा रहे हैं। नगरपालिका, रेलवे स्टेशन, थाना, ब्लॉक सहित अन्य सार्वजनिक जगहों पर लगे प्याऊ के खराब होने से लोग पानी के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं।
नगरपालिका गौरा-बरहज के गेट पर राहगीरों आदि के शुद्ध और शीतल जल पीने के लिए प्याऊ लगाया गया है। लेकिन पिछले कुछ दिनों से खराब पड़ा हुआ है। जबकि रेलवे स्टेशन परिसर, ब्लॉक और थाना आदि जगहों पर भी समुचित व्यवस्था नहीं है। इससे प्यास बुझाने के लिए लोगों को काफी दिक्कतें पेश आ रही हैं। चिलचिलाती धूप और तपिश भरे मौसम से बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है। दुकानदार भी ग्राहकों के इंतजार में धूल फांक रहे हैं। जगह-जगह प्याऊ खराब होने से बरहज में जरूरत के कार्यों से आने वाले जाने वाले और स्थानीय लोग प्यास बुझाने के लिए हाथों में पानी के बोतल लिए इधर-उधर दौड़ते देखा जा रहा है। लोगों के अनुसार नगरपालिका गेट के अलावा प्रमुख जगहों और अधिकांश वार्डों में लगे प्याऊ जवाब दे गए हैं। लेकिन कोई भी जिम्मेदार इसकी सुधि नहीं ले रहा है। गर्मी के मौसम में इंसानों अलावा जानवर भी प्यास से बेहाल हैं। एसडीएम योगेश कुमार ने बताया कि मामला सोचनीय है। संबंधित से समुचित व्यवस्था कराई जाएगी।