तरकुलवा। थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर दुष्कर्म के आरोपी प्रधान पति पर शिकायत वापस नहीं लेने पर लेखपाल से मिलकर घर गिरवाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला का कहना कि 27 जून को प्रधान के घर अपनी फोटो प्रमाणित कराने गई थी। उनके घर के लोगों ने बताया कि प्रधान पति अभी बाहर हैं और उनके रहने पर ही फोटो प्रमाणित होगा। उसने प्रधान के पति के मोबाइल नंबर पर फोन किया तो उन्होंने शाम को घर बुलाया। वह रात में लगभग आठ बजे प्रधान पति के घर गई। महिला का आरोप है कि प्रधानपति ने सीढ़ी के बगल वाले कमरे में ले जाकर गले पर चाकू रखकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसकी शिकायत उसने डायल 112 नंबर पुलिस को दी। इसके बाद थाने और एसपी से प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।