जहां बड़ी संख्या में जुटते हैं लोग ,वहां नहीं हैं अलाव के इंतजाम
रामेश्वर लाल तिराहे पर बनता था रैन बसेरा, अब अवैध पार्किंग
देवरिया। जिले में कड़ाके की ठंड शुरू होने के साथ ही नगरपालिका प्रशासन के दावों की हकीकत सामने आने लगी है। करीब 20 दिनों से ठंड से बचाव की तैयारियों में जुटे होने के बाद भी शनिवार तक सभी चिह्नित स्थलों पर अलाव जलाने की व्यवस्था नहीं हो सकी है। इसके अलावा शहर में सिर्फ दो जगहों पर रैन बसेरा बना कर जिम्मेदारी पूरी कर ली गई है। बीते वर्ष में रेलवे स्टेशन, मेडिकल कॉलेज कैंपस और कसया ओवरब्रिज के नीचे रैन बसेरा बनाया गया था, जो इस साल अब तक नहीं बन सका है। ऐसे में जरूरतमंद कंपकपाते हुए रात गुजारने पर मजबूर है।
नगरपालिका प्रशासन की ओर से बीते वर्षों में ठंड के मौसम में रोडवेज, रेलवे स्टेशन परिसर, रामेश्वर लाल तिराहा, मेडिकल कॉलेज परिसर सहित अन्य सार्वजनिक जगहों पर रैन बसेरा बनाया जाता था। इस बार 11 दिसंबर को शासन की ओर से पत्र आने के बाद नगरपालिका प्रशासन की ओर से रोडवेज परिसर में महिला व पुरुष के अलग-अलग 20-20 बेड का रैन बसेरा बनवाया दिया गया। लेकिन मेडिकल कॉलेज परिसर, रेलवे स्टेशन, रामेश्वर लाल तिराहा की सुध अब तक नहीं ली गई।
रामेश्वर लाल तिराहा के बगल में मालगोदाम होने से बड़ी संख्या में मजदूर व निम्न आय वर्ग के लोग जुटते हैं, यहां न तो अलाव की व्यवस्था की गई है और न ही रैन बसेरा का प्रबंध हैं। रामेश्वर लाल तिराहे पर ओवरब्रिज के नीचे जहां रैन बसेरा बनाया जाता था, वहां अवैध तरीके से चारपहिया वाहनों की पार्किंग बना दी गई है।
नगरपालिका के जिम्मेदारों का कहना है कि देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर सुंदरीकरण का कार्य चल रहा है। परिसर में खुदाई की गई है। ऐसे में यहां जगह चिह्नित करने में परेशानी पेश आ रही है।
सभी चिह्नित जगहों पर नहीं हुआ अलाव का प्रबंध
नगरपालिका प्रशासन की ओर से शहर में अलाव के लिए रैन बसेरा, बस स्टैंड, सुभाष चौक, रुद्रपुर तिराहा, भटवलिया टैक्सी स्टैंड, चिरैया ढाला, हनुमान मंदिर, भुजौली चौराहा, लच्छीराम पोखरा, जिला चिकित्सालय में दो जगह, भीखमपुर रोड टैक्सी स्टैंड के पास रागिनी चौराहा, डॉ.बी भट्टाचार्य चौराहा, सोमनाथ मंदिर, कुष्ठ आश्रम, वृद्धाश्रम को चिह्नित किया गया हैं। अचानक बढ़ी ठंड के बावजूद कई जगहों पर अब तक लकड़ियों का प्रबंध नहीं हो सका है। लोगों की शिकायत है कि कुछ लकड़ियां निर्धारित जगहों की जगह चहेतों के दरवाजे के सामने डाल दी गईं हैं।
रेलवे स्टेशन परिसर में जगह के अभाव में रैन बसेरा नहीं बन पाया है। यहां पर रैन बसेरा के लिए स्टेशन अधीक्षक को पत्र लिखा गया है। रामेश्वर लाल तिराहे के रैन बसेरा को मछलीहट्टा के पास नगरपालिका कांपलेक्स में शिफ्ट कर दिया गया है। चिह्नित जगहों में 12 पर अलाव की व्यवस्था की गई हैं। शनिवार को भी शेष जगहों पर लकड़ियां भिजवाई गई हैं। समाप्त हो जाने पर इसे पुन: गिरवाया जाएगा। -रोहित सिंह, ईओ
अफसर के निर्देश के बावजूद नहीं हुआ अलाव का प्रबंध
बरहज। नगर-क्षेत्र में चौराहों, सार्वजनिक स्थलों पर अलाव का प्रबंध अब तक नहीं हो सका है। नगर सहित भलुअनी, गड़ेर, सोनाड़ी, मगहरा, करुअना, वीरपुर मिश्र, कपरवार, देवपार, पैना, बरांव आदि चौराहों पर अलाव की व्यवस्था नहीं हो सकी है। एसडीएम अवधेश कुमार निगम ने बताया कि अलाव के समुचित प्रबंध के लिए मातहतों को निर्देशित किया गया है। सार्वजनिक जगहों पर अलाव नहीं जलने पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई किया जाएगा। संवाद