जिला पंचायत और बीडीसी के कुल 1436 पदों के लिए मतों की गणना रविवार की सुबह आठ बजे से कड़े सुरक्षा के बीच होगी। निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी मतगणना केंद्रों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। मतगणना के लिए ब्लाकों में न्याय पंचायत वार टेबल लगाई गईं हैं। जिले के 16 केंद्रों की 176 टेबल पर मतों की गणना कराई जाएगी। डीएम अनिता श्रीवास्तव और एसपी डॉ. मनोज कुमार ने शनिवार को कई मतगणना केंद्रों पर जाकर तैयारियों का जायजा लिया।रविवार के दिन जनता जनार्दन फैसला करेगी कि किसका सियासी सूरज चमकेगा और किसका अस्त होगा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के प्रत्याशियों को मिले मतपत्रों की गिनती रविवार सुबह आठ बजे से होगी।16 ब्लॉकों के निर्धारित जगहों पर मतगणना एक साथ शुरू हो जाएगी। मतगणना के लिए सभी ब्लॉकों में तैयारियां दुरुस्त की जा रही हैं। सभी ब्लॉकों में अलग-अलग मतगणना हो रही है। क्षेत्र के इंटर कॉलेजों को मतगणना स्थल बनाया गया है। वहां अभी से सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दी गई हैं। आला अधिकारी शनिवार को दिन भर इसकी तैयारियों जुटे रहे। साथ ही समीक्षा की जाती रही।