भटनी। क्षेत्र में तेज हवा और मूसलाधार बारिश के बाद विद्युत आपूर्ति तीसरे दिन भी पूरी तरह ठप है। नगर से लेकर देहात क्षेत्रों तक अंधेरा पसरा हुआ है। तीन दिनों से लगातार बिजली न रहने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। पेयजल संकट के साथ मोबाइल नेटवर्क भी ठप पड़ गया है। वहीं बिजली के अभाव में फ्रीजर बंद होने से रखे डेयरी प्रोडक्ट्स खराब होने लगे हैं। इससे लोग बेहद परेशान हैं। जानकारी के अनुसार, शनिवार को तेज हवा और बारिश के दौरान कई जगह पेड़ और विद्युत पोल उखड़ गए थे। इसके बाद से भटनी नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सोमवार शाम तक भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। इसके चलते नगर, देहात, घांटी बाजार, बैकुंठपुर और बलुआ अफगान फीडर से जुड़ें लोगों के घरों में अंधेरा छाया हुआ है। बिजली न रहने से घरों की मोटरें बंद हैं और लोगों को पानी भरने में भारी दिक्कत हो रही है। संवाद