ठेकेदार की ओर से नए मिस्त्रियों को रखने के विरोध में आंदोलन कर रहे प्राइवेट बिजली मिस्त्रियों ने शनिवार को दो विद्युत उपकेंद्रों में ताला जड़ दिया। एसडीओ ने तालाबंदी का विरोध किया तो मिस्त्री आक्रोशित हो गए और विभागीय अफसरों के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। आंदोलनकारियों का उग्र तेवर देख एसडीओ वहां से चले गए। दोपहर में पहुंचे एक्सईएन ने मिस्त्रियों से वार्ता कर समस्या के समाधान के लिए दो दिन का समय मांगा। इसके बाद मिस्त्रियों ने विद्युत उपकेंद्र का ताला खोला। देहात और नगर के लिए अगल-बगल दो विद्युत उपकेंद्र स्थापित है। ठेकेदार की ओर से नए मिस्त्रियों को रखने के विरोध में पुराने बिजली मिस्त्री चार दिनों से हड़ताल पर हैं। अफसरों की उदासीनता से नाराज मिस्त्रियों ने दोनों विद्युत उपकेंद्रों में मौजूद एसएसओ को बाहर निकाल सुबह दस बजे ताला जड़ दिया जिससे विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। इस दौरान पहुंचे एसडीओ पीएन प्रसाद तालाबंदी का विरोध करने लगे जिससे मिस्त्री उग्र हो गए और नारेबाजी करने लगे।आपूर्ति बाधित होने से नगर और देहात क्षेत्र के लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। 2:30 बजे एक्सईएन विवेक कुमार आंदोलनस्थल पर पहुंचे और मिस्त्रियों से बात की। एक्सईएन ने मिस्त्रियों को दो दिन के भीतर मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। इसके बाद दोनों विद्युत उपकेंद्रों का ताला खुला। इस दौरान मनोज दुबे, अनिल यादव, सत्तार, रजनीश, असलम, कलाम अंसारी, राजनाथ, दीनदयाल आदि मौजूद रहे।