- खुखुंदू थाना क्षेत्र के देवरिया-सलेमपुर फोरलेन पर पुरैना पतला पुर के पास मिले शव का मामला
- पिता बोले, मैंने देखा बेटे मोनू के पेट और सीने पर धारदार हथियार से तीन जगह किया गया था वार
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के पुरैना पतला पुर के पास मिले 20 वर्षीय युवक के शव की शिनाख्त होने पर पोस्टमार्टम करा दिया गया। पुलिस के मुताबिक रिपोर्ट में अत्यधिक चोट लगने से मोनू कुमार की मौत हुई है। पिता का कहना है कि बृहस्पतिवार को मैंने भी बेटे का शव देखा। उसके पेट और सीने पर धारदार हथियार से तीन बार वार किया गया है। उसके शरीर पर गहरे-गहरे जख्मों के निशान स्पष्ट दिख रहे थे। उन्होंने बताया कि बेटे की हत्या की गई है। उधर, थानेदार दिग्विजय सिंह डाक्टर से मिलकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर फिर एक बार परामर्श लेंगे फिर आगे की कार्रवाई होगी।
बरहज थाना क्षेत्र के सतराव गांव निवासी घुरा प्रसाद के तीन बेटियों और दो बेटों में मोनू कुमार (20) सबसे छोटा था। वह 13 जुलाई की सुबह खुखुंदू थाना क्षेत्र के असना गांव निवासी बहन पूजा के घर ब्रह्मभोज में शामिल होने आया था। 17 जुलाई को उसकी लाश देवरिया-सलेमपुर फोरलेन पर पतलापुर के पास मिली है। इसकी जानकारी पिता घुरा प्रसाद को सोशल मीडिया के जरिये हुई। वह आनन-फानन में खुखुंदू थाने पहुंचे तो बेटे की मौत की पुष्टि हुई।
पिता का आरोप है कि बेटे को शराब पिलाकर गलत दिशा में ले जाकर उसकी हत्या की गई है। उनका यह भी कहना है कि मोनू का बेटी के गांव में किसी युवती से चक्कर चल रहा था। उसी को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है। मोनू बहन के घर आया था तो हम लोग निश्चिंत थे। मगर जब मौत की खबर सुनाई पड़ी तो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस ने मोनू के शव का पोस्टमार्टम करा लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अत्यधिक चोट लगने से उसकी मौत होने की बात कही जा रही है। पिता घुरा प्रसाद का कहना है कि बेटे की हत्या की गई है। उसके शरीर पर गहरे-गहरे जख्म बता रहे है कि बड़ी बेरहमी से उसका कत्ल किया गया है। थानेदार दिग्विजय सिंह अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट लेकर एक बार फिर डाक्टर से मिलेंगे तब जाकर आगे की कार्रवाई शुरू होगी।
-
कोट....
शव की शिनाख्त होते ही पोस्टमार्टम करा दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक को अत्यधिक चोट लगने से उसकी मौत हुई। वैसे थानेदार दिग्विजय सिंह पोस्टमार्टम करने वाले डाॅक्टर से मिलेंगे डाॅक्टर से मिलकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट की स्पष्ट जानकारी लेने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। पूछने पर कि मृतक के पिता मृतक के शरीर पर जख्मों को देख धारदार हथियार से वार कर हत्या का आरोप लगा रहे है पर उन्होंने कहा कि डाॅक्टर से परामर्श लेने के बाद सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा।
-दीपक शुक्ला, सीओ सलेमपुर