खुखूंदू थाना क्षेत्र के पकड़ी खास गांव के एक पॉलिटेक्निक के छात्र की मथुरा नदी में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग मथुरा के लिए निकल गए। घटना बृहस्पतिवार सुबह में हुई। हालांकि, शव शुक्रवार भोर में मिला है।
शव देर-रात गांव पहुंचते ही मां और बहन दहाड़े मारकर रोने लगीं। खुखुंदू थाना क्षेत्र के पकड़ी खास गांव निवासी पप्पू तिवारी के दूसरे नंबर का बेटा आदित्य उर्फ बजरंगी तिवारी (20) पंजाब में रहकर पॉलिटेक्निक की पढ़ाई करता था।
कोर्स पूरा होने पर वह दोस्तों संग मथुरा नहाने आया था। बृहस्पतिवार को मथुरा नदी में नहाते समय आदित्य गहराई में चला गया। फिर स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस गोताखोरों के माध्यम से शव की तलाश में जुट गई।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार भोर में जाकर आदित्य का शव मिला है। उधर, दोस्तों की सूचना पर परिजन भी मथुरा पहुंच गए। शव देर-रात को गांव पहुंचा। शव घर पहुंचते ही मां और बड़ी बहन प्रियंका तिवारी शव से लिपट कर रोने लगे। यह दृश्य देख मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि आदित्य बड़ा ही मिलनसार स्वभाव का था।