रुद्रपुर। कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर लेहड़ा टोला में एक हत्या के बाद प्रतिशोध में हुई पांच हत्याओं की राजनीतिक दलों ने निंदा की। घटना पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए घटना की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
विधायक जयप्रकाश निषाद ने कहा कि घटना क्षेत्र के लिए बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासन जांच कर उचित कार्रवाई करने में लगा है। किसी भी हाल में घटना के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
पूर्व विधायक अनुग्रह प्रताप नारायण सिंह खोखा सिंह ने कहा कि घटना से लोग काफी मर्माहत हैं। मौके पर भी स्थिति का जायजा लिया गया है। दुखद घटना ने लोगों को झकझोर दिया है। मांग की कि पुलिस मामले में निष्पक्ष जांच सख्ती से कार्रवाई करे।
सपा नेता प्रदीप यादव ने कहा कि जमीन के विवाद में हुई जनहानि से लोग हतप्रभ हैं। एक गांव में छह लोगों हत्या की खबर से लोग सहम गए हैं। शासन-प्रशासन घटना की संवेदना को समझते हुए तत्काल कार्रवाई कर जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करे।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व विधायक अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि घटना को लेकर पुलिस अपडेट नहीं थी। पुलिस सक्रिय रहती, तो शायद घटना नहीं घटी होती। पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच करे।